नई दिल्ली. वाहन का इंश्योरेंस खत्म होने के बाद भी सड़क पर गाड़ी चलाना अब मुश्किल पड़ सकता है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने बिना वैध थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस वाले वाहनों की पहचान करने के लिए एक नई व्यवस्था का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। इसके तहत टोल प्लाजा से गुजरने वाले ऐसे वाहनों की पहचान की जाएगी, जिनकी बीमा पॉलिसी एक्सपायर हो चुकी है या वैध नहीं है। नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन मालिक को मोटर वाहन अधिनियम के तहत 10 हजार रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है।
दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा पर शुरू हुआ पायलट प्रोजेक्ट
NHAI ने इस व्यवस्था की शुरुआत दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा से पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर की है। इसका उद्देश्य टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों के बीमा की स्थिति की जांच करना और बिना वैध थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस वाले वाहनों की पहचान करना है।
नई व्यवस्था के तहत वाहन के टोल प्लाजा पार करने के कुछ ही मिनटों के भीतर उसके मालिक के मोबाइल फोन पर SMS अलर्ट भेजा जाएगा। इस संदेश में वाहन की बीमा पॉलिसी रिन्यू कराने की सलाह दी जाएगी।
इंश्योरेंस खत्म होने पर मिलेगा अलर्ट
अगर किसी वाहन का थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस एक्सपायर हो चुका है या उसकी पॉलिसी वैध नहीं है, तो सिस्टम के जरिए वाहन मालिक को इसकी जानकारी दी जाएगी। SMS में बीमा नवीनीकरण की याद दिलाने के साथ मोटर वाहन अधिनियम के तहत संभावित जुर्माने की चेतावनी भी दी जाएगी।
नियम तोड़ने पर 10 हजार रुपये तक का जुर्माना
मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैध थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस के बिना वाहन चलाना दंडनीय है। ऐसे मामलों में वाहन मालिक पर जुर्माना लगाया जा सकता है। इस व्यवस्था के जरिए NHAI का प्रयास है कि वाहन मालिक समय रहते अपनी बीमा पॉलिसी रिन्यू करा लें और सड़क पर बिना वैध इंश्योरेंस के वाहन चलाने से बचें।
फिलहाल यह व्यवस्था दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई है। इसके आगे विस्तार को लेकर कोई विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।
