नई दिल्ली. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने जय शाह को लगातार दूसरी बार अपना चेयरमैन नियुक्त किया है। बाली में हुई ICC बोर्ड की बैठकों के दौरान निदेशकों की ओर से उनके नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसके बाद जय शाह को निर्विरोध दूसरे कार्यकाल के लिए चुन लिया गया।
ICC ने जय शाह के नेतृत्व पर जताया भरोसा
ICC ने आधिकारिक बयान जारी कर जय शाह के नेतृत्व में एक बार फिर भरोसा जताया। बोर्ड का कहना है कि उनके नेतृत्व में दुनियाभर में क्रिकेट का विस्तार लगातार नई ऊंचाइयों तक पहुंच रहा है। जय शाह की दोबारा नियुक्ति को उनके नेतृत्व के प्रति बोर्ड के विश्वास का संकेत बताया गया है।
ICC के मुताबिक, क्रिकेट इस समय एक अहम दौर से गुजर रहा है। ऐसे में संगठन को मजबूत नेतृत्व की जरूरत है, ताकि खेल के वैश्विक विकास और विस्तार से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाया जा सके।
LA28 ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी पर भी तैयारी
ICC ने अपने बयान में लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 (LA28) में क्रिकेट की वापसी को भी अहम बताया। बोर्ड इस आयोजन की तैयारियों के साथ-साथ आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों का रोडमैप भी तैयार कर रहा है। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर और विकास के रास्ते तैयार करना है। साथ ही बड़े टूर्नामेंटों में अधिक देशों और खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
जय शाह ने दोबारा जिम्मेदारी मिलने पर जताया आभार
दूसरे कार्यकाल के लिए चुने जाने के बाद जय शाह ने ICC बोर्ड और सभी निदेशकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ICC चेयरमैन के रूप में काम करना उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह दुनिया भर के सदस्य देशों के साथ मिलकर क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
जय शाह ने कहा, “ICC बोर्ड ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उससे मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं। सभी निदेशकों के निरंतर विश्वास और समर्थन के लिए मैं उनका आभारी हूं। ICC चेयरमैन के रूप में काम करना मेरे लिए सौभाग्य और जिम्मेदारी दोनों है। मैं दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करता रहूंगा।”
उन्होंने आगे कहा कि क्रिकेट अपने इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण और रोमांचक दौर में प्रवेश कर रहा है। LA28 ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी इस खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को इससे जोड़ने का बड़ा अवसर है।
जय शाह के मुताबिक, ICC की जिम्मेदारी केवल सफल टूर्नामेंट आयोजित करने तक सीमित नहीं है। संगठन को प्रशंसकों, खिलाड़ियों, व्यावसायिक साझेदारों और अन्य हितधारकों को ध्यान में रखते हुए क्रिकेट का मजबूत और टिकाऊ भविष्य तैयार करना होगा।
