नई दिल्ली. महंगाई से परेशान आम लोगों को एक और झटका लगा है। मुंबई और आसपास के इलाकों में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमतों में 1.50 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। नई दरें रविवार, 15 नवंबर से लागू हो गई हैं। इसके बाद मुंबई में CNG की कीमत बढ़कर 91.50 रुपये प्रति किलो हो गई है। पिछले करीब ढाई महीनों में गैस के दाम कुल 5.50 रुपये प्रति किलो बढ़ चुके हैं। इसका सीधा असर ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालकों के साथ निजी वाहन मालिकों की जेब पर पड़ेगा।
2026 में आठवीं बार बढ़े CNG के दाम
मुंबई में साल 2026 के दौरान CNG की कीमतों में यह आठवीं बढ़ोतरी है। महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने 14 नवंबर की आधी रात से नई दरें लागू कीं। इससे पहले कंपनी ने 1 नवंबर को भी CNG के दाम एक रुपये प्रति किलो बढ़ाए थे।
इस साल जनवरी में मुंबई में CNG की कीमत 80.50 रुपये प्रति किलो थी, जो अब बढ़कर 91.50 रुपये हो गई है। यानी साल की शुरुआत से अब तक प्रति किलो 11 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है। यह करीब 14 प्रतिशत की वृद्धि है।
इससे पहले फरवरी में 50 पैसे और अप्रैल में एक रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई थी। मई में दो बार दो-दो रुपये प्रति किलो दाम बढ़ाए गए। इसके बाद सितंबर में दो रुपये, अक्टूबर में एक रुपये और 1 नवंबर को फिर एक रुपये प्रति किलो की वृद्धि हुई। अब 15 नवंबर को 1.50 रुपये की ताजा बढ़ोतरी के बाद CNG इस साल के अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई है।
क्यों बढ़ रही हैं CNG की कीमतें?
MGL के मुताबिक, घरेलू प्राकृतिक गैस की उपलब्धता में कमी और गैस खरीदने की लागत बढ़ने के कारण कीमतों में संशोधन करना पड़ा है। मांग पूरी करने के लिए कंपनी को पहले के मुकाबले आयातित री-गैसीफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस (RLNG) पर अधिक निर्भर रहना पड़ रहा है।
इसके अलावा, मध्य पूर्व में जारी तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस खरीदने की लागत भी बढ़ी है। कंपनी का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी से बढ़ी हुई लागत के एक हिस्से की भरपाई करने और CNG की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने में मदद मिलेगी।
मुंबई में 12.93 लाख CNG वाहनों पर पड़ेगा असर
ताजा बढ़ोतरी का असर मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में चलने वाले करीब 12.93 लाख CNG वाहनों पर पड़ने की आशंका है। इनमें ऑटो-रिक्शा, टैक्सी, निजी कारें और सार्वजनिक परिवहन के वाहन शामिल हैं।
CNG महंगी होने से ऑटो और टैक्सी चालकों का रोजाना परिचालन खर्च बढ़ जाएगा। इसका असर आगे चलकर यात्रियों के किराये पर भी पड़ सकता है। वहीं, निजी वाहन चलाने वालों को भी अब ईंधन पर पहले से ज्यादा खर्च करना होगा।
