नई दिल्ली. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच सीट बंटवारे की चर्चा तेज हो गई है। कांग्रेस ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पार्टी को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंप दी है। इन सीटों पर कांग्रेस ने गठबंधन के तहत अपनी दावेदारी पेश की है। सूची में 135 सामान्य, 45 अनुसूचित जाति (SC) और एक अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित सीट शामिल है।
बागपत से रायबरेली तक कई सीटें सूची में शामिल
कांग्रेस की ओर से सपा को भेजी गई सूची में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर अवध और बुंदेलखंड क्षेत्र तक की सीटें शामिल हैं। इनमें बागपत, लोनी, बुलंदशहर, मथुरा, आगरा ग्रामीण, फतेहपुर सीकरी, पीलीभीत, शाहजहांपुर, शाहाबाद, रायबरेली, अमेठी और कानपुर कैंट जैसे विधानसभा क्षेत्र प्रमुख हैं।
दोनों दल आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे पर सहमति बनाने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस की ओर से भेजी गई सूची को इसी बातचीत का हिस्सा माना जा रहा है। हालांकि, अंतिम सीट बंटवारे पर अभी फैसला होना बाकी है।
खड़गे के आवास पर हुई कांग्रेस की रणनीतिक बैठक
सीटों की सूची सामने आने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अहम बैठक हुई। इसमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में राज्य के राजनीतिक हालात, चुनावी रणनीति, सीटों के संभावित बंटवारे और समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन पर चर्चा की गई।
खड़गे बोले- देश की राजनीति को नई दिशा देंगे यूपी के चुनाव
बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि चर्चा का मुख्य केंद्र उत्तर प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव रहे। उन्होंने कहा कि यूपी के अगले चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देने वाले साबित होंगे।
खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उत्तर प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। लोग सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहते हैं।
उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस INDIA गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प पेश करेगी।
अखिलेश यादव ने भी सीट बंटवारे पर दिया था बयान
इससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत आगे बढ़ने की बात कह चुके हैं। मैनपुरी में उन्होंने कहा था कि दोनों दल हर पहलू पर विस्तार से चर्चा करेंगे और मिलकर तय करेंगे कि किस सीट पर कौन-सी पार्टी चुनाव लड़ने की स्थिति में है।
अखिलेश यादव के मुताबिक, जिस पार्टी के जीतने की संभावना किसी सीट पर बेहतर होगी, उसे ही वहां से चुनाव लड़ने का मौका दिया जाएगा। ऐसे में कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की सूची सौंपे जाने के बाद दोनों दलों के बीच आगे होने वाली बातचीत पर नजर रहेगी।
