नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्योग जगत से देश की आर्थिक प्रगति को और गति देने के लिए जरूरी सुधारों के सुझाव खुलकर देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कंपनियों को बिना किसी हिचकिचाहट के बताना चाहिए कि देश में उद्योग और कारोबार के विकास के लिए किन बदलावों की जरूरत है। गुरुवार को उद्योग संगठन फिक्की (FICCI) की वार्षिक आम बैठक और सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कॉरपोरेट जगत से आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राथमिकता देने और कृषि तथा उससे जुड़े क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश करने का भी आग्रह किया।
उद्योग जगत से बोले PM मोदी- बिना संकोच बताएं क्या बदलने की जरूरत
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार उद्योग जगत के सुझावों का स्वागत करती है। उन्होंने कारोबारियों और कंपनियों से कहा कि वे बिना किसी झिझक या संकोच के उन्हें लिखकर बताएं कि देश की व्यवस्था और उद्योगों के विकास के लिए अभी किन सुधारों की आवश्यकता है। मोदी ने कहा कि यह पुरानी सरकार नहीं है, बल्कि मित्रों की सरकार है, जो अपने संबंधों और सुझावों का सम्मान करना जानती है।
उन्होंने कहा, “यह पुरानी सरकार नहीं है। यह मित्रों की सरकार है। यह दोस्ती का सम्मान करना जानती है और आप मेरे सच्चे मित्र हैं। इसलिए बिना किसी हिचकिचाहट या संकोच के मुझे खुलकर लिखें कि अभी क्या सुधार करने की जरूरत है।”
12-13 साल में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए: PM
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने पिछले 12 से 13 वर्षों के दौरान देश में हुए बदलावों और सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने समाज के अलग-अलग वर्गों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि भारत में विकास की रफ्तार तेज है। इसी के साथ गरीबी से बाहर निकलने वाले लोगों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है।
विश्व बैंक की ताजा रिपोर्ट का हवाला देते हुए मोदी ने कहा कि बीते 12-13 वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने इसे भारत की प्रगति और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रयासों का परिणाम बताया।
कॉरपोरेट टैक्स में कटौती का जिक्र, कंपनियों से पूछा- कर्मचारियों को क्या मिला?
प्रधानमंत्री ने कर व्यवस्था में किए गए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में कॉरपोरेट टैक्स की मूल दर 30 प्रतिशत थी, जिसे घटाकर 22 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके अलावा, सालाना 12 लाख रुपये तक की व्यक्तिगत आय को भी टैक्स से छूट दी गई है।
हालांकि, उद्योगों को मिली कर राहत का जिक्र करने के साथ ही उन्होंने कंपनियों से यह भी सवाल किया कि क्या उन्होंने अपने कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई है और उनकी सैलरी में भी इजाफा किया है? उन्होंने उद्योग जगत को रोजगार के अवसर बढ़ाने और कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने की दिशा में काम करने का संदेश दिया।
किसानों और छोटे उद्यमियों के सम्मान से आगे बढ़ेगा देश
PM मोदी ने कहा कि किसी देश की प्रगति केवल आर्थिक आंकड़ों से नहीं मापी जाती, बल्कि इसमें किसानों, छोटे कारोबारियों, उद्योगों, संपत्ति सृजित करने वालों और करदाताओं का भी अहम योगदान होता है। देश तभी आगे बढ़ता है, जब इन सभी वर्गों के काम और योगदान का सम्मान किया जाता है।
उन्होंने कहा कि दिन-रात आरोप लगाने से देश का विकास नहीं होता। इसके बजाय किसानों, उद्यमियों, उद्योगों और करदाताओं के योगदान को पहचानना जरूरी है। प्रधानमंत्री ने कंपनियों से कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने की अपील भी की।
अगले 20 साल के निवेश में ‘India First’ को बनाएं आधार
प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत से अगले 20 वर्षों के लिए अपनी लंबी अवधि की निवेश योजनाओं में ‘India First’ को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने कहा कि निवेश से जुड़े हर बड़े फैसले में देश के हित को सबसे आगे रखा जाना चाहिए।
मोदी के मुताबिक, इस सोच से भारत आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा और साथ ही कंपनियों के लिए कारोबार विस्तार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने उद्योग जगत से देश की जरूरतों और भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए निवेश करने का आह्वान किया।
