नई दिल्ली. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज जयपुर में किसानों के लिए एआई-आधारित डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म “भारत-विस्तार (Bharat-VISTAAR)” लॉन्च करेंगे। इस प्लेटफ़ॉर्म का उद्देश्य किसानों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है, ताकि उन्हें मौसम अपडेट, मंडी भाव, कीट-रोग प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य, फसल सलाह और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी एक ही स्थान पर मिल सके।
कई राज्यों के लाखों किसानों तक पहुंचेगा
किसान इस सेवा का उपयोग फोन कॉल और चैटबॉट के माध्यम से कर सकेंगे, जबकि अगले चरण में इसके लिए एक मोबाइल ऐप भी उपलब्ध कराया जाएगा। पहले चरण में यह प्लेटफ़ॉर्म हिंदी और अंग्रेज़ी भाषाओं में शुरू किया जाएगा और महाराष्ट्र, बिहार तथा गुजरात सहित कई राज्यों के लाखों किसानों तक पहुंचेगा।
इस कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्री, देशभर के किसान तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), कृषि विज्ञान केंद्र (KVKs), कृषि विश्वविद्यालयों और अन्य कृषि संस्थानों के नेटवर्क के माध्यम से लोग वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे।
समारोह में भजनलाल शर्मा और केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी सहित कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर “एआई फॉर एग्रीकल्चर रोडमैप” भी जारी किया जाएगा, साथ ही “एआई हैकाथॉन” और “एग्रीकोश” से जुड़े महत्वपूर्ण घोषणाएं की जाएंगी।
