नई दिल्ली: केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में “भारत टैक्सी” नामक देश के पहले सहकारी-आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म का शुभारंभ करेंगे। यह पहल सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने और नागरिक-केंद्रित परिवहन सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। सहकारिता मंत्रालय के अनुसार, इस प्लेटफॉर्म में ड्राइवरों- जिन्हें “सारथी” कहा जाएगा- को स्वामित्व, संचालन और मूल्य सृजन के केंद्र में रखा गया है। इसका उद्देश्य उन्हें पारंपरिक एग्रीगेटर-आधारित मॉडलों से जुड़ी चुनौतियों और कमीशन प्रणाली से राहत देना है।
जीरो-कमीशन और बिना सर्ज प्राइसिंग मॉडल
भारत टैक्सी प्लेटफॉर्म जीरो-कमीशन और बिना सर्ज-प्राइसिंग मॉडल पर काम करेगा, जिसमें लाभ सीधे ड्राइवरों को वितरित किया जाएगा। मंत्रालय का कहना है कि यह मॉडल ड्राइवरों की आय को अधिक स्थिर और पारदर्शी बनाएगा।
सारथियों के लिए सामाजिक सुरक्षा
इस योजना में ड्राइवरों के लिए स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा, रिटायरमेंट बचत योजना और समर्पित सहायता प्रणाली जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है।
महिला सशक्तिकरण पर जोर
मंत्रालय ने बताया कि “बाइक दीदी” जैसी पहल के तहत अब तक 150 से अधिक महिला ड्राइवर भारत टैक्सी से जुड़ चुकी हैं, जिससे महिला सशक्तिकरण और सुरक्षित परिवहन को बढ़ावा मिल रहा है। यह पहल सहकारिता मॉडल के माध्यम से परिवहन क्षेत्र में एक नया विकल्प प्रदान करने और ड्राइवरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
