हमीरपुर. सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस में दो फाड़ हो चुकी है. मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को अपनी ही पार्टी के नेताओं पर भरोसा नहीं रहा है. नगरोटा बगवां, नादौन और भोरंज सहित प्रदेश में कई विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जहां मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह चुनाव प्रचार के लिए जाना भी मुनासिब नहीं समझ रहे और सिर्फ 34-35 सीटों पर ही फोकस कर रहे हैं, जिससे साफ लगता है कि कांग्रेस ने पहले से ही मैदान छोड़ दिया है.
उन्होंने कांग्रेस पर वार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने चुनावी घोषणा पत्र तैयार करने के लिए अपने नेताओं की एक मीटिंग तक नहीं की और हास्यास्पद बात तो यह है कि जिस दिन शिमला में चुनावी घोषणा पत्र जारी किया गया, उस दिन न तो घोषणा पत्र बनाने वाले इंचार्ज और न ही प्रदेश के पार्टी अध्यक्ष वहां पर मौजूद थे.
अनुराग ठाकुर ने कहा कि इससे यह स्पष्ट हो जाता है कि जब मुख्यमंत्री को अपनी ही पार्टी के नेताओं और अपने ही चुनावी घोषणा पत्र पर विश्वास नहीं है तो प्रदेश के लोग किस तरह इस चुनावी घोषणा पत्र पर विश्वास करेंगे.
अनुराग ने कहा कि 9 नवंबर को प्रदेश सरकार के कुशासन के अंत की कथा भी प्रदेश की जनता लिख देगी और 18 दिसंबर को भाजपा की मजबूत सरकार प्रदेश में बनेगी.