नई दिल्ली. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार रविवार को जनता दल (यूनाइटेड) में औपचारिक रूप से शामिल होने जा रहे हैं। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने शुक्रवार को हुई अहम बैठक में इसकी जानकारी दी। बताया जा रहा है कि पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत कुमार को बिहार का उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। यह फैसला ऐसे समय आया है जब नीतीश कुमार ने हाल ही में राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है।
जेडीयू के नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से लंबे समय से मांग की जा रही थी कि निशांत कुमार राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएं और अपने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाएं। शुक्रवार की बैठक में भी यह मांग दोहराई गई, जहां कई नेताओं ने कहा कि नीतीश कुमार के बाद पार्टी का नेतृत्व संभालने के लिए निशांत सबसे उपयुक्त विकल्प हो सकते हैं। इस दौरान नीतीश कुमार ने भी कहा कि राज्यसभा सदस्य बनने के बाद भी वह पार्टी और बिहार की राजनीति पर नजर बनाए रखेंगे।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए भी चर्चा तेज
सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद बिहार में पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री बनने की संभावना है, जबकि निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। वहीं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए भी चर्चा तेज है। इस पद के लिए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी, विजय चौधरी और संजय कुमार झा के नाम सामने आ रहे हैं।
राज्यसभा जाने को लेकर नीतीश कुमार ने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत से ही यह इच्छा थी कि वह संसद के दोनों सदनों और बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के सदस्य बनें। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि पिछले दो दशकों से बिहार की जनता के विश्वास और समर्थन से उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ राज्य की सेवा की है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि नई सरकार को उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा तथा विकसित बिहार के लक्ष्य के लिए वह आगे भी काम करते रहेंगे।
