नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी संगठनात्मक रणनीति को आगे बढ़ाते हुए महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मिजोरम और अन्य केंद्र शासित प्रदेशों में नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। यह कदम न केवल राज्यों में संगठन को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया है, बल्कि इससे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया को भी बल मिलेगा।
किन राज्यों में कौन बना BJP प्रदेश अध्यक्ष? देखें पूरी लिस्ट
राज्य / केंद्र शासित प्रदेश | नए अध्यक्ष का नाम |
---|---|
आंध्र प्रदेश | पी. वी. एन. माधव |
महाराष्ट्र | रवींद्र चव्हाण |
मध्य प्रदेश | हेमंत खंडेलवाल |
तेलंगाना | एन. रामचंदर राव |
उत्तराखंड | महेंद्र भट्ट |
हिमाचल प्रदेश | डॉ. राजीव बिंदल |
पुडुचेरी | वी. पी. रामलिंगम |
अंडमान एवं निकोबार | अनिल तिवारी |
मिजोरम | के. बेइचुआ |
संगठन के अनुभव और सामाजिक संतुलन को मिली प्राथमिकता
इन नियुक्तियों में बीजेपी ने उन नेताओं को प्राथमिकता दी है, जिन्होंने संगठन में वर्षों तक सक्रिय भूमिका निभाई और सामाजिक प्रतिनिधित्व के मानकों पर भी खरे उतरे। जैसे कि रवींद्र चव्हाण महाराष्ट्र में और महेंद्र भट्ट उत्तराखंड में, संगठनात्मक कौशल के लिए पहचाने जाते हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की तैयारी शुरू
इन प्रदेश प्रमुखों की नियुक्ति के साथ BJP ने संविधानिक औपचारिकता भी पूरी कर ली है, जो राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव (BJP National President Election 2025) के लिए ज़रूरी थी। पार्टी के नियमों के मुताबिक, 37 संगठनात्मक इकाइयों में से कम से कम 19 में अध्यक्षों का चुनाव होना चाहिए, ताकि राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव शुरू किया जा सके।
जेपी नड्डा की जगह कौन?
जेपी नड्डा को जनवरी 2020 में राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया था। उनका कार्यकाल 2023 में खत्म होना था, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव और संगठनात्मक प्रक्रिया की वजह से उन्हें विस्तार दिया गया। अब, जब अधिकांश राज्यों में संगठनात्मक प्रमुखों की नियुक्ति हो चुकी है, तो अगले BJP National President की दौड़ शुरू हो चुकी है।