कुल्लू. बीते वीरवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में बीएलओ की कार्यशाला का आयोजन किया गया. यहां पर उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी देवा सिंह नेगी ने बूथ लेवल अधिकारियों को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी मतदान केंद्रों में बिजली-पानी, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं.
उपायुक्त ने आगे कहा कि सभी मतदान केद्रों में विकलांग मतदाताओं की सुविधा के लिए सही रैंप भी होने चाहिए. बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों के मतदाताओं को मतदान का महत्व भी बताएं और उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करें. नए पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूचियों में शामिल करें. पिछले चुनाव में कम मतदान प्रतिशतता वाले मतदान केंद्रों पर विशेष रूप से फोकस करें.
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस बार मतदान के दौरान पहली बार ईवीएम के साथ वीवीपैट मशीन का भी प्रयोग किया जा रहा है. इस मशीन के माध्यम से वोटर मतदान के दौरान अपने वोट की जानकारी प्राप्त कर सकता है. बीएलओ इस नए मशीन की जानकारी भी आम मतदाताओं तक पहुंचाएं। कार्यशाला के दौरान बीएलओ को वीवीपैट की प्रक्रिया भी समझाई गई. वीवीपैट की जानकारी आम मतदाताओं तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा.
कार्यशाला के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित कई अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं. इस मौके पर एसडीएम केएस राणा और निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे.