नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने देश के छह राज्यों की आठ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराने की घोषणा कर दी है। इन सीटों के लिए मतदान अप्रैल में कराया जाएगा, जबकि मतगणना मई में होगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि उपचुनाव गोवा, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नागालैंड और त्रिपुरा की कुल आठ विधानसभा सीटों पर होंगे।
इनमें गोवा की पोंडा सीट, गुजरात की उमरेठ सीट, कर्नाटक की बागलकोट और दावणगेरे साउथ सीट, महाराष्ट्र की राहुरी और बारामती सीट, नागालैंड की कोरिडांग सीट तथा त्रिपुरा की धर्मनगर सीट शामिल हैं।
कब जारी होगा नोटिफिकेशन
चुनाव आयोग के अनुसार गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा की सीटों के लिए अधिसूचना आज जारी की जाएगी। इन सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान होगा।
वहीं गुजरात और महाराष्ट्र की सीटों के लिए अधिसूचना 30 मार्च को जारी की जाएगी और इन पर 23 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा।
मतगणना की तारीख
सभी सीटों के लिए डाले गए वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
क्यों खाली हुईं सीटें
महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा सीट 28 जनवरी को उपमुख्यमंत्री अजित पवार की एक विमान दुर्घटना में मौत के बाद खाली हुई थी।
वहीं अहमदनगर (अहिल्यानगर) जिले की राहुरी सीट भाजपा विधायक शिवाजीराव कर्डिले के निधन के कारण रिक्त हो गई थी।
अन्य राज्यों में भी संबंधित विधायकों के इस्तीफे या निधन के कारण सीटें खाली होने के बाद चुनाव आयोग ने उपचुनाव कराने का फैसला लिया है।
