नई दिल्ली: Central Board of Secondary Education (CBSE) ने 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को बड़ी राहत दी है। बोर्ड ने घोषणा की है कि तकनीकी गड़बड़ी के चलते जिन छात्रों से अतिरिक्त शुल्क कट गया था, उन्हें पूरा पैसा वापस किया जाएगा।
CBSE ने आधिकारिक नोटिस जारी कर बताया कि 21 और 22 मई 2026 को स्कैन कॉपी के लिए आवेदन प्रक्रिया के दौरान तकनीकी समस्याएं सामने आई थीं। इसके कारण कुछ मामलों में छात्रों से ज्यादा शुल्क कट गया, जबकि कुछ से कम राशि ली गई।
उसी पेमेंट माध्यम से वापस होगा पैसा
बोर्ड ने कहा कि जिन छात्रों से अतिरिक्त भुगतान लिया गया है, उन्हें वही अतिरिक्त राशि उसी भुगतान माध्यम के जरिए वापस की जाएगी, जिससे फीस जमा की गई थी। वहीं जिन मामलों में कम शुल्क जमा हुआ है, उन छात्रों को शेष राशि जमा करने के लिए अलग से सूचना दी जाएगी। CBSE ने स्पष्ट किया कि प्रभावित छात्रों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी और सभी को मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी उपलब्ध कराई जाएगी।
24 मई तक कर सकते हैं आवेदन
बोर्ड ने बताया कि स्कैन कॉपी के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 24 मई है। छात्र आधिकारिक वेबसाइट CBSE Official Website पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
ऐसे मिलेगी उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी
CBSE के अनुसार, स्कैन कॉपी के लिए आवेदन छात्रों को स्वयं करना होगा। आवेदन के बाद उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी उम्मीदवार के लॉगिन अकाउंट में उपलब्ध कराई जाएगी, जहां से उसे डाउनलोड किया जा सकेगा।
बोर्ड ने कहा कि आवेदन “फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व” आधार पर निपटाए जाएंगे। यानी जिसने पहले आवेदन किया होगा, उसे पहले स्कैन कॉपी उपलब्ध कराई जाएगी।
छात्र एक या एक से अधिक विषयों की स्कैन कॉपी के लिए आवेदन कर सकते हैं, लेकिन आवेदन एक ही बार में करना होगा।
री-इवैल्यूएशन के लिए भी दी जानकारी
CBSE ने बताया कि केवल वही छात्र री-इवैल्यूएशन या वेरिफिकेशन के लिए आवेदन कर सकेंगे जिन्होंने पहले उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी या स्कैन कॉपी मांगी हो। बोर्ड ने कहा कि री-इवैल्यूएशन के बाद यदि अंक घटते हैं तो कम किए गए अंक भी लागू होंगे। पुनर्मूल्यांकन का परिणाम अंतिम माना जाएगा और उसके खिलाफ कोई अपील स्वीकार नहीं की जाएगी।
