नई दिल्ली. नई दिल्ली में आज Election Commission of India (ECI) राज्य निर्वाचन आयुक्तों के साथ राष्ट्रीय राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस का आयोजन करेगा। यह महत्वपूर्ण बैठक भारत मंडपम में आयोजित की जा रही है। खास बात यह है कि इस तरह का सम्मेलन 27 वर्षों के अंतराल के बाद हो रहा है। इससे पहले ऐसी बैठक वर्ष 1999 में आयोजित की गई थी।
सम्मेलन मुख्य चुनाव आयुक्त Gyanesh Kumar की अध्यक्षता में होगा
यह सम्मेलन मुख्य चुनाव आयुक्त Gyanesh Kumar की अध्यक्षता में होगा। इस अवसर पर चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी भी उपस्थित रहेंगे। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के राज्य निर्वाचन आयुक्त अपने विधिक और तकनीकी विशेषज्ञों के साथ इसमें भाग लेंगे। साथ ही, सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारी भी सम्मेलन में शामिल होंगे।
इस राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस का मुख्य उद्देश्य चुनाव आयोग और राज्य निर्वाचन आयुक्तों के बीच चुनावी प्रक्रियाओं और व्यवस्थाओं को लेकर बेहतर समन्वय स्थापित करना है। यह बैठक उनके-अपने कानूनी दायरे में रहकर कार्यप्रणाली में तालमेल बढ़ाने पर केंद्रित होगी। चर्चा के माध्यम से सहयोगात्मक संघवाद की भावना को और मजबूत करने की दिशा में विचार-विमर्श किया जाएगा।
दिनभर चलने वाले इस सम्मेलन में तकनीक के साझा उपयोग, ईवीएम और मतदाता सूची के आदान-प्रदान तथा चुनावी प्रक्रियाओं को और सुदृढ़ बनाने जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा होगी। आयोग के वरिष्ठ अधिकारी हाल ही में लॉन्च किए गए डिजिटल प्लेटफॉर्म ECINET सहित विभिन्न तकनीकी और परिचालन पहलों पर प्रस्तुति देंगे। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की मजबूती, पारदर्शिता और सुरक्षा उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
