नई दिल्ली: देशभर में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि सभी रिटेल आउटलेट्स यानी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। मंत्रालय ने कहा कि कहीं भी पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं है और आम लोगों को घबराकर अतिरिक्त ईंधन खरीदने की जरूरत नहीं है।
मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में बताया कि उसके संज्ञान में आया है कि तमिलनाडु के एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल को ढीले कंटेनर में दिया जा रहा था। इसे गंभीर सुरक्षा उल्लंघन मानते हुए संबंधित पेट्रोल पंप को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई भी की गई है।
सुरक्षा मानकों और दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करें
मंत्रालय ने उपभोक्ताओं को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि पेट्रोल या डीजल को ढीले या अनुचित कंटेनरों में लेना और घरों में स्टोर करना बेहद खतरनाक हो सकता है। इससे आग लगने और अन्य गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए लोगों को केवल मानक और सुरक्षित कंटेनरों का ही उपयोग करना चाहिए।
इसके साथ ही मंत्रालय ने सभी तेल विपणन कंपनियों, रिटेल आउटलेट्स और डीलरों को निर्देश दिया है कि वे ईंधन वितरण के दौरान सभी सुरक्षा मानकों और दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करें। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी भी पेट्रोल पंप पर सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, देश में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई सामान्य है और तेल विपणन कंपनियां लगातार आपूर्ति बनाए रखने के लिए काम कर रही हैं, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
