बद्दी (सोलन). सोलन के बद्दी में वाहनों की जांच के दौरान मंगलवार की रात पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने सोने की बड़ी खेप पकड़ी. जांच के दौरान दिल्ली के नंबर की एक गाड़ी से यह सोना पकड़ा गया. सोना लाने वाले व्यापारी ने रसीद पेश की है. फिलहाल पुलिस जांच कर रही है कि सोना व्यापार के उद्देश्य से लाया गया था या किसी राजनीतिक उद्देश्य से.
मंगलवार की रात वाहनों की जांच कर रही टीम ने दिल्ली के नंबर की एक गाड़ी को रोका. छानबीन के दौरान गाड़ी में एक बैग में रखे हुए सोने के आभूषण बरामद किए गए. आभूषणों में 88 चूड़ियां और 9 हार हैं. इनकी कीमत 70 लाख रुपये आंकी गई है. गाड़ी में सवार विनोद कुमार ने बताया कि आभूषणों को वह बेचने के लिए लाया था. हरियाणा निवासी विनोद खुद को व्यापारी बता रहा है. उसने आभूषणों की रसीद भी पुलिस को दी है. जिसमें टैक्स समेत माल की कुल कीमत 93 लाख रुपये बताई गई है.
