नई दिल्ली. केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने आगामी री-NEET UG परीक्षा को सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित कराने के लिए कड़ी निगरानी और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नई दिल्ली में आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने केंद्रीय सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों के साथ परीक्षा तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित बनाने और किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने पर विशेष जोर दिया गया।
फर्जी सूचनाएं फैलाने वाले ऑनलाइन नेटवर्क पर कार्रवाई के निर्देश
बैठक के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी भ्रामक और फर्जी सूचनाओं के सोशल मीडिया तथा गुमनाम ऑनलाइन समूहों के जरिए तेजी से फैलने पर गंभीर चिंता जताई गई। शिक्षा मंत्री ने ऐसे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि फर्जी जानकारी फैलाने वाले चैनलों की पहचान कर उन्हें तुरंत ब्लॉक और हटाया जाए।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को भी चेतावनी
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को शिक्षा मंत्रालय, National Testing Agency और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर काम करना होगा ताकि गलत सूचनाओं पर तुरंत रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अफवाह या गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
