नई दिल्ली. ईंधन आपूर्ति पर वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव के असर को देखते हुए केंद्र सरकार ने तेल रिफाइनरियों को एलपीजी (LPG) का उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने यह भी कहा है कि अतिरिक्त उत्पादन का उपयोग मुख्य रूप से घरेलू उपभोक्ताओं की जरूरतें पूरी करने के लिए किया जाएगा।
जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाई
सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए Ministry of Petroleum and Natural Gas ने बताया कि सरकार ने घरों में एलपीजी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इसके साथ ही गैस सिलेंडर की बुकिंग के बीच 25 दिन का अंतर लागू किया गया है, ताकि जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।
मंत्रालय के अनुसार, गैर-घरेलू उपयोग के लिए आयातित एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है। इसमें विशेष रूप से अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसे आवश्यक क्षेत्रों को पहले गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा होटल, रेस्टोरेंट और अन्य उद्योगों को एलपीजी आपूर्ति से जुड़े मामलों की समीक्षा के लिए तेल विपणन कंपनियों (OMCs) के तीन कार्यकारी निदेशकों की एक समिति गठित की गई है। यह समिति विभिन्न क्षेत्रों से मिलने वाले अनुरोधों की जांच कर आगे की आपूर्ति पर फैसला करेगी।
