नई दिल्ली. बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर एनडीए (NDA) घटक दलों के बीच राजनीतिक गतिविधियां काफी तेज़ हो गई हैं। पटना और नई दिल्ली में लगातार बैठकों और चर्चाओं का दौर जारी है। इन बैठकों में कैबिनेट की संरचना, विभिन्न सहयोगी दलों को मंत्री पदों में प्रतिनिधित्व और सरकार गठन से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा हो रही है।
BJP बनी सबसे बड़ी पार्टी, सहयोगियों का भी मजबूत प्रदर्शन
हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में बीजेपी 89 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
LJP (राम विलास) के नेता चिराग पासवान की पार्टी को 19 सीटें मिली हैं।
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) को 5 सीटें मिलीं।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने 4 सीटें जीती हैं।
ऐसे में NDA गठबंधन बहुमत के साथ सरकार बनाने की स्थिति में है।
JDU विधायक दल की बैठक आज, नीतीश कुमार के दोबारा नेता चुने जाने की संभावना
JDU विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आज पटना में होगी, जिसमें हाल ही में चुने गए 85 विधायक हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि सभी विधायक सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को अपना नेता चुन लेंगे। बीजेपी भी जल्द ही अपने विधायक दल के नेता का चुनाव करेगी। इसके बाद NDA की संयुक्त विधायक दल की बैठक आयोजित की जाएगी।
NDA नेता चुने जाने के बाद ही सरकार गठन का दावा पेश होगा
एनडीए के नेता का चयन होने के बाद ही राज्यपाल के समक्ष नई सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। इससे पहले आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में वर्तमान सरकार की अंतिम कैबिनेट बैठक होगी। इस बैठक में मौजूदा कैबिनेट को भंग करने की सिफारिश की जाएगी, ताकि नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो सके। इसके बाद सीएम नीतीश कुमार अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंपेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी शुरू, गांधी मैदान 20 नवंबर तक बंद
नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां भी जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। यह समारोह पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होगा, जहां राज्यपाल अरिफ मोहम्मद खान नए मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण 20 नवंबर को होने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए पटना जिला प्रशासन ने गांधी मैदान को आज से 20 नवंबर तक आम जनता के लिए बंद कर दिया है।
