नई दिल्ली. गुजरात में बीजेपी नेता भूषण भट्ट ने पीएम मोदी की सभा में लोगों को लाने के लिए पेट्रोल टोकन देने और चुनाव आयोग से न डरने की बात कही. जिसका वीडियो वायरल हो गया.
अहमदाबाद की जमालपुर-खाड़िया सीट से बीजेपी उम्मीदवार भूषण भट्ट पीएम मोदी के कार्यक्रम में वर्कर्स को ले जाने के लिए बात कर रहे थे. उन्होंने कहा ‘मैं चुनाव आयोग से नहीं डरता। मोदी की सभा में आने वाले कार्यकर्ताओं को बाइक में पेट्रोल भरने के लिए टोकन मिलेगा. कार्यकर्ताओं की गिनती बताओ, मैं टोकन दे दूंगा.’
उन्होंने कहा ‘प्रधानमंत्री मोदी की सभा साबरमती रिवरफ्रंट पर होने वाली है. इस सभा में हमें ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटानी है. आपको चार से पांच हजार गाड़ियां लानी है. सभी गाड़ियां सभा के पौना घंटा पहले आ जाए. सभी को गाड़ियों में पेट्रोल डालने के लिए पेट्रोल टोकन दिया जाएगा. हजार, दो हजार, तीन हजार स्कूटर या गाड़ी लेकर आओ, बड़ी गाड़ी…भी टाटा टेम्पो, स्वराज मजदा जो हो सभी लेकर आओ. भीड़ ज्यादा से ज्यादा हो. कोई आपको रोकेगा नहीं. निर्वाचन आयोग की ऐसी की तैसी. मैं डरता नहीं हूं. इन्हें जो करना है करें.’
नोटिस जारी
वीडियो वायरल होने के बाद निर्वाचन आयोग ने इसपर तुरंत ऐक्शन लेते हुए भूषण नोटिस जारी किया है और दो दिनों में जवाब मांगा है. वहीं जमालपुर-खाड़िया के रिटर्निंग ऑफिसर बीके पटेल ने बताया कि वीडियो देखने के बाद भूषण भट्ट को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है. यदि वह ऐसा करने में असमर्थ रहते हैं तो इसकी शिकायत निर्वाचन आयोग और पुलिस में की जाएगी.
