नई दिल्ली. भारत और सऊदी अरब ने हज-2027 की तैयारियों को लेकर द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। इसके तहत अगले साल भारत से कुल 1,75,025 जायरीन हज यात्रा पर जा सकेंगे। यह समझौता सोमवार, 9 नवंबर को सऊदी अरब के जेद्दा में हुआ। दोनों देशों ने भारतीय हज यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और यात्रा को सुचारु बनाने के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई।
समझौते पर भारत के केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य एवं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और सऊदी अरब के हज एवं उमरा मंत्री डॉ. तौफीक बिन फौजान अल-रबिया ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान जेद्दा सुपरडोम में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय बैठक भी हुई। बैठक में सऊदी अरब में भारत के राजदूत और अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव (हज) भी शामिल हुए।
हज यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान दोनों मंत्रियों ने हज-2027 की तैयारियों की समीक्षा की। इसमें यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं, लॉजिस्टिक सुविधाओं और दोनों देशों के बीच बेहतर समन्वय पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने यह सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई कि भारतीय जायरीन की हज यात्रा सुरक्षित, आरामदायक और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो।
किरेन रिजिजू ने हज-2026 के सफल आयोजन के लिए सऊदी अरब की सराहना की। उन्होंने सऊदी पक्ष को भरोसा दिलाया कि भारत सरकार हज-2027 के सफल संचालन के लिए पूरा सहयोग देगी।
हज कॉन्फ्रेंस और प्रदर्शनी में भी शामिल हुए रिजिजू
किरेन रिजिजू 6 से 9 नवंबर तक सऊदी अरब के आधिकारिक दौरे पर रहे। 8 नवंबर को उन्होंने छठे हज कॉन्फ्रेंस और प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया। इसके बाद डॉ. तौफीक अल-रबिया की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में भी भाग लिया।
इस दौरान रिजिजू ने सऊदी नेतृत्व की ओर से हज यात्रियों के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने हज-2027 के लिए दोनों देशों के बीच करीबी सहयोग जारी रखने की बात कही। इसके अलावा उन्होंने मक्का क्षेत्र के डिप्टी गवर्नर प्रिंस सऊद बिन मिशाल बिन अब्दुलअजीज अल सऊद के साथ भी मुलाकात की।
जेद्दा में भारतीय समुदाय से भी मिले केंद्रीय मंत्री
अपने दौरे के दौरान रिजिजू ने जेद्दा स्थित इंडिया हाउस में आयोजित ‘नूर-ए-दिवाली’ समारोह में भी भाग लिया। यहां उन्होंने भारतीय समुदाय के सदस्यों और अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय प्रवासियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे दोनों देशों के बीच दोस्ती और आपसी संबंधों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
रिजिजू ने भारतीय वाणिज्य दूतावास, अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और हज कमेटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। इसमें हज-2027 की तैयारियों का जायजा लिया गया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों से आपसी तालमेल बनाए रखने तथा यात्रियों की सुविधा और कल्याण को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने जेद्दा के कुछ प्रमुख हज संबंधी और सांस्कृतिक स्थलों का दौरा भी किया।
भारत-सऊदी अरब के संबंधों को मिलेगी और मजबूती
दोनों देशों ने इस बात पर जोर दिया कि भारत और सऊदी अरब के संबंध लंबे ऐतिहासिक रिश्तों और लोगों के बीच मजबूत संपर्क पर आधारित हैं। हज यात्रा के बेहतर प्रबंधन के लिए आपसी सहयोग इन संबंधों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
अधिकारियों के मुताबिक, हज-2027 के लिए हुआ यह समझौता दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। इससे हज प्रबंधन, यात्रियों की सुविधाओं, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
