शिमला. मई के अंत में हिमाचल प्रदेश की चोटियां व लाहौल-स्पीति जिले के कई रिहायशी क्षेत्र बर्फ से लकदक हो गए हैं. इसके अलावा प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ बर्फबारी भी हो रही है. आज लाहौल स्पीति के बारालाचा, जिंगजिंग बार, सहित काजा मार्ग में कुंजोम दर्रा और चंद्रा वैली में बर्फबारी हुई है. इसके साथ कुल्लू की पहाड़ियों पर भी हिमपात हुआ है, वहीं निचले क्षेत्र में रात से बारिश का दौर जारी है.
प्रदेश के उच्च पर्वतीय भागों में बर्फबारी
शिमला स्थित मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उच्च पर्वतीय भागों में बर्फबारी हुई है. वहीं शिमला समेत प्रदेश के मध्य व कम ऊंचाई वाले भागों में झमाझम बारिश हो रही है. बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और ऊंचाई वाले भागों में ठंडक बढ़ गई है. केलांग में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है.
प्रदेश में रोहतांग दर्रा, बारालाचा, कुंजुम दर्रा, घेपन पीक, लेडी ऑफ केलांग, मुलकिला, नीलकंठ, मकवरे, शिकवरे चोटियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है. प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चूड़धार में 60 वर्ष बाद मई में बर्फबारी हुई है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 28 मई तक प्रदेश के कई भागों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है.
स्टेशन | न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस) |
बिलासपुर | 21 |
हमीरपुर | 17 |
मंडी | 16.7 |
कांगड़ा | 16.2 |
सुंदरनगर | 16.1 |
सोलन | 13.9 |
भुंतर | 13.4 |
धर्मशाला | 13.2 |
पालमपुर | 13 |
शिमला | 9.8 |
कुफरी | 7.8 |
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार मानसून के आने से पहले हिमाचल प्रदेश में अच्छी बारिश हो रही है. राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ काफी सक्रिय है. राजधानी शिमला में बीती रात से ही बारिश का दौर जारी है. इससे जहां प्रदेश में ड्राई स्पेल का चक्कर टूटा है, वहीं मौसम में ठंडक लौट आई है.
मौसम विभाग के अनुसार, आज 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान चलने का पूर्वानुमान है. मैदानी और कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है. 25 मई को भी प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ अपना असर दिखाएगा और ठंडक का अहसास रहेगा.