शिमला(रामपुर बुशहर). भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रश्मिधर सूद ने सोमवार को विधानसभा क्षेत्र रामपुर का दौरा किया।
उन्होंने यहां से जारी प्रेस वार्ता में कहा कि हिमाचल प्रदेश के कोटखाई गुडिया मामले ने शर्मसार किया है और उन्होंने प्रदेश मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर अपने गृह क्षेत्र में विकास न करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि सराहन में सड़क टूटी हुई है और सराहन देश में ही नहीं अपितु विदेशों में भी पर्यटन के लिये मशहूर है। बावजूद इसके सड़क समय पर नहीं खोली जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खुद तो हेलीकॉप्टर में सराहन आ रहे हैं। आम जनता के बारे में उन्हें कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आते ही सराहन सडक़ का प्राथमिकता पर काम करवाया जाएगा।
लोगों को रजवाड़ाशाही के खिलाफ खुलकर सामने आना चाहिए, तभी सही मायने में क्षेत्र का विकास होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हिमाचल में महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देगी, जिससे महिलाओं में सुरक्षा का भावना पैदा हो सके। गुडिय़ा कांड से प्रदेश में कानून व्यवस्था की पोल खुली है और देवभूमि शर्मसार हुई है।
इस मौके पर प्रदेश कार्य समिति सदस्या शोभा ढढवाल, जुब्बल कोटखाई जिप सदस्या नीलम सराइक, सुषमना मौक, रामपुर नप सदस्या ऊषा चौहान और नीना शर्मा उपस्थित थी।