शिमला: कालका-शिमला नेशनल हाईवे दो दिन बाद बड़े ट्रकों और भारी वाहनों के लिए खुल गया है. इससे ट्रक चालकों ने राहत की सांस ली है. दो रातें चालकों ने ट्रक में ही बिताई है. अब हाईवे खुलने से दैनिक उपभोग की वस्तुओं का सामान लेकर जा रहे ट्रक भी हिमाचल की ओर आ सकेंगे.
तंबूमोड़ से ट्रकों की आवाजाही करवाने के लिए कंपनी की ओर से मलबा हटाने का कार्य किया गया. इसके चलते रात 9 से 11 बजे तक वाहनों की आवाजाही थमी रही. लेकिन इसी बीच फिर तंबूमोड पहाड़ी से भूस्खलन हो गया जिससे हाईवे बाधित रहा. हालांकि कंपनी की ओर से मलबा हटाकर हाईवे को सुचारू किया गया.
शिमला नहीं पहुंचा दूध, ब्रेड
इसके बाद 12 बजे तक कुछ छोटे वाहनों को निकाला गया. इसके बाद जोरदार बारिश शुरू हुई. इस कारण रात 12:15 बजे हाईवे पर पूर्णतया वाहनों पर ब्रेक लग गया. वीरवार को सुबह आठ बजे सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारू की गई. यहां पर बड़े वाहनों को अब गुजारा जा रहा है. वहीं लगातार तीसरे दिन दूध, ब्रेड शिमला तक नहीं पहुंच सका.
