नई दिल्ली. कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष D K Shivakumar ने बुधवार को राज्य के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। 64 वर्षीय वरिष्ठ नेता को राज्यपाल Thaawarchand Gehlot ने बेंगलुरु स्थित लोक भवन के ग्लास हाउस में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही लंबे समय से मुख्यमंत्री बनने का उनका सपना पूरा हो गया।
सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद संभाली कमान
पूर्व मुख्यमंत्री Siddaramaiah ने कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर पिछले सप्ताह पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद कांग्रेस विधायक दल ने 30 मई को डीके शिवकुमार को अपना नेता चुना और मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी।
दक्षिण भारत में कांग्रेस के संकटमोचक माने जाने वाले शिवकुमार और सिद्धारमैया के बीच लंबे समय से नेतृत्व को लेकर खींचतान चल रही थी।
जी परमेश्वर ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली
शपथ ग्रहण समारोह में वरिष्ठ कांग्रेस नेता G Parameshwara ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ 12 अन्य विधायकों को भी मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई।
इन नेताओं ने मंत्री पद की ली शपथ
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के अलावा जिन नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली, उनमेंके एच मुनियप्पा, के जे जॉर्ज, एम बी पाटिल, रामलिंगा रेड्डी, सतीश जारकीहोली, कृष्णा बायरे गौड़ा, प्रियांक खड़गे, यूटी खादर, ईश्वर खंड्रे, यतींद्र सिद्धारमैया, बिरथी सुरेश और शरण प्रकाश पाटिल शामिल हैं।
इनमें से अधिकांश नेता पिछली सिद्धारमैया सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। जबकि यूटी खादर विधानसभा अध्यक्ष के पद पर थे और यतिंद्र सिद्धारमैया पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पुत्र हैं।
शपथ के बाद पार्टी नेताओं से करेंगे मुलाकात
शपथ ग्रहण के बाद डीके शिवकुमार ने कहा कि वह सबसे पहले कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके बाद वह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi और कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge को विदा करने के बाद पार्टी पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों और गारंटी समिति के प्रमुखों से मुलाकात करेंगे।
समारोह में जुटे कांग्रेस और INDIA गठबंधन के दिग्गज
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, K C Venugopal और Randeep Singh Surjewala सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा कांग्रेस और INDIA गठबंधन शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय और राज्य स्तरीय नेता तथा अनेक गणमान्य अतिथि भी समारोह में शामिल हुए।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, LED स्क्रीन पर दिखाया गया समारोह
लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं। विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों को कांग्रेस के झंडों और बैनरों से सजाया गया। समारोह का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई गईं।
बेंगलुरु पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर लोक भवन जाने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग की और केवल आमंत्रित मेहमानों को ही कार्यक्रम स्थल में प्रवेश की अनुमति दी। शहर पुलिस आयुक्त Seemant Kumar Singh ने बताया कि कार्यक्रम इंडोर होने और सीमित सीटों के कारण विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी।

