नई दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने रविवार को केरल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर पार्टी के ‘मिशन 2026’ की औपचारिक शुरुआत की। तिरुवनंतपुरम के कोविडियार स्थित उदय पैलेस कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राज्य सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य ‘विकसित केरल’ (Viksit Kerala) का निर्माण करना है।
‘विकसित भारत का रास्ता विकसित केरल से होकर जाता है’
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का मार्ग विकसित केरल से होकर गुजरता है। अगर केरल आगे बढ़ेगा, तो भारत की विकास यात्रा और मजबूत होगी।
केरल में भाजपा सरकार बनाने का दावा
गृह मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि भाजपा 2026 के विधानसभा चुनाव में केरल में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और आम जनता तक केंद्र सरकार की योजनाएं पहुंचाने का आह्वान किया।
स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों के सम्मेलन को किया संबोधित
यह सम्मेलन उन भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं का था, जो स्थानीय निकाय चुनावों में निर्वाचित होकर आए हैं। अमित शाह ने कहा कि यही प्रतिनिधि भविष्य में पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बनेंगे और जनता के बीच भाजपा का संदेश पहुंचाएंगे।
सबरीमाला गोल्ड विवाद पर राज्य सरकार पर हमला
अमित शाह ने सबरीमाला गोल्ड विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले में राज्य सरकार के दो मंत्री जनता की नजर में दोषी हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग सबरीमाला की संपत्तियों की रक्षा नहीं कर सकते, वे हमारी आस्था की रक्षा भी नहीं कर सकते। इस मुद्दे को लेकर पूरा देश चिंतित है।”
‘निष्पक्ष जांच संभव नहीं’
उन्होंने आरोप लगाया कि जिन मंत्रियों पर सवाल खड़े हैं, उनकी मौजूदगी में निष्पक्ष जांच संभव नहीं है। अमित शाह ने इसे केरल की सांस्कृतिक और धार्मिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर मामला बताया।
रेमिटेंस इकोनॉमी से आगे बढ़ने की जरूरत
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि केरल की अर्थव्यवस्था लंबे समय से रेमिटेंस (विदेशों से आने वाले धन) पर निर्भर रही है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अब राज्य को समग्र और आत्मनिर्भर विकास मॉडल अपनाने की जरूरत है।
पीएम मोदी के विकास मॉडल की तारीफ
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संतुलित विकास मॉडल दिया है और भारत का इंफ्रास्ट्रक्चर अब वर्ल्ड क्लास स्तर तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि केरल को भी इसी मॉडल को अपनाकर विकास की नई शुरुआत करनी चाहिए।
2026 चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज
अमित शाह के इस दौरे और ‘मिशन 2026’ के लॉन्च के बाद केरल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भाजपा अब राज्य में संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत झोंकने की रणनीति पर काम कर रही है।
