शिमला: हिमाचल के शिमला स्थित कृषि उपज विपणन समिति के ‘किसान भवन’ को खतरा पैदा हो गया है. इसके पीछे आज सुबह भारी लैंडस्लाइड हुआ और बिल्डिंग के पीछे का डंगा गिर गया. इससे बिल्डिंग के पांच कमरों को नुकसान हुआ है. कमरे के भीतर तक पत्थर पहुंच गए.
बता दें कि रात में किसान भवन में 50 से ज्यादा पुलिस जवान ठहराए हुए हैं, जो सेब सीजन के लिए शिमला के अलग-अलग क्षेत्रों में ट्रैफिक रेगुलेट करने को तैनात किए गए हैं.
5 कमरे-2 गाड़ियां क्षतिग्रस्त
राहत की बात यह रही कि दिन के वक्त यह हादसा हुआ. लैंडस्लाइड के वक्त कमरे के भीतर दो पुलिस जवान सो रहे थे, जो रात में ड्यूटी देकर आए थे. मगर, वह किनारे वाले कमरे में दूसरी साइड में थे. इससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ.

इससे दो गाड़ियों को क्षति पहुंची है. अब किसान भवन को खाली करवा दिया गया है. यहां पर फिर से लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है. गौरतलब है कि APMC ने शिमला के ढली में किसानों की सुविधा के लिए किसान भवन बना रखा है. सेब सीजन के दौरान अमूमन इसमें पुलिस जवानों को ठहराया जाता है.
5 मंजिला भवन को पैदा हुआ खतरा
लैंडस्लाइड के बाद पांच मंजिला भवन को खतरा पैदा हो गया है. यहां पर 2012 में ही पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने इस भवन का आधारशीला रखी थी.
