नई दिल्ली. भारत सरकार ने N. S. Raja Subramani को देश का अगला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है। वह पदभार संभालने के साथ ही सैन्य मामलों के विभाग के सचिव की जिम्मेदारी भी निभाएंगे।उनकी नियुक्ति मौजूदा CDS Anil Chauhan के कार्यकाल समाप्त होने से पहले घोषित की गई है। जनरल अनिल चौहान 30 मई 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
भारतीय सेना के अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते हैं राजा सुब्रमणि
लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि भारतीय सेना के सबसे वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारियों में माने जाते हैं। उन्होंने अपने लंबे सैन्य करियर में कई महत्वपूर्ण कमांड और स्टाफ जिम्मेदारियां संभाली हैं। वर्तमान में वह राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पिछले वर्ष 1 सितंबर को यह जिम्मेदारी संभाली थी।
वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ भी रह चुके हैं
इससे पहले राजा सुब्रमणि जुलाई 2024 से जुलाई 2025 तक भारतीय सेना के वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के पद पर भी रह चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा तैयारियों से जुड़े कई अहम रणनीतिक और सैन्य मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सेंट्रल कमांड की भी संभाल चुके हैं जिम्मेदारी
लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि मार्च 2023 से जून 2024 तक सेना की सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ भी रहे। सैन्य सेवा के दौरान उनके योगदान के लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित सम्मान भी मिल चुके हैं।
कई बड़े सैन्य सम्मानों से हो चुके हैं सम्मानित
राजा सुब्रमणि को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM), सेना मेडल (SM) और विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) से सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें रणनीतिक मामलों की गहरी समझ रखने वाले अधिकारी के रूप में भी जाना जाता है।
विदेश में भी की उच्च शिक्षा
सैन्य अनुभव के साथ-साथ उनका शैक्षणिक रिकॉर्ड भी काफी मजबूत रहा है। उन्होंने King’s College London से मास्टर डिग्री हासिल की है। इसके अलावा उन्होंने University of Madras से डिफेंस स्टडीज में एमफिल भी किया है।
