नई दिल्ली. Karnataka में कांग्रेस के भीतर जारी नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक राज्य में नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण की तैयारी चल रही है और यह समारोह 30 मई को हो सकता है। साथ ही कांग्रेस तीन डिप्टी सीएम नियुक्त करने के फॉर्मूले पर भी विचार कर रही है।
तीन डिप्टी सीएम बनाने पर कांग्रेस का मंथन
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस अनुसूचित जाति (SC), ओबीसी और महिला प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए तीन उपमुख्यमंत्रियों की नियुक्ति पर विचार कर रही है। पार्टी सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश में जुटी है।
डिप्टी सीएम पद के लिए कई नाम चर्चा में
सूत्रों के मुताबिक दलित कोटे से G Parameshwara या Priyank Kharge का नाम सामने आ रहा है। वहीं ओबीसी वर्ग से Yathindra Siddaramaiah का नाम चर्चा में है।
लिंगायत समुदाय से MB Patil और Eshwar Khandre के नामों पर विचार हो सकता है। अल्पसंख्यक चेहरे के तौर पर KJ George, UT Khader और BZ Zameer Ahmed Khan के नाम चर्चा में बताए जा रहे हैं।
सिद्धारमैया को पद छोड़ने का संकेत?
सूत्रों का दावा है कि कांग्रेस हाईकमान ने मुख्यमंत्री Siddaramaiah को नेतृत्व परिवर्तन का संकेत दिया है। पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी संगठनात्मक भूमिका और राज्यसभा सीट का प्रस्ताव भी दिया है। हालांकि बताया जा रहा है कि सिद्धारमैया ने अभी इस प्रस्ताव को तुरंत स्वीकार नहीं किया है। लेकिन सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी की ओर से संदेश मिलने के बाद उन्होंने पद छोड़ने पर विचार शुरू कर दिया है।
राज्यपाल से मिलने का समय मांगा
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने 28 मई को राज्यपाल Thaawarchand Gehlot से मिलने का समय मांगा है। इसके बाद अटकलें तेज हो गई हैं कि वह इस्तीफा दे सकते हैं।
DK शिवकुमार बन सकते हैं नए मुख्यमंत्री
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि उपमुख्यमंत्री DK Shivakumar राज्य के अगले मुख्यमंत्री बन सकते हैं। बताया जा रहा है कि शिवकुमार खेमे की ओर से लंबे समय से नेतृत्व परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा था।
कांग्रेस ने बदलाव की खबरों को बताया अटकल
हालांकि कांग्रेस ने फिलहाल नेतृत्व परिवर्तन की खबरों को “सिर्फ अटकल” बताया है। पार्टी का कहना है कि दिल्ली में हुई बैठकों में राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों को लेकर चर्चा हुई थी।
राहुल गांधी और खड़गे ने की लंबी बैठक
सूत्रों के मुताबिक Rahul Gandhi और कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge ने सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के साथ लंबी बातचीत की है। माना जा रहा है कि राज्यसभा चुनाव के बाद हाईकमान अंतिम फैसला ले सकता है।
2023 चुनाव के पुराने समझौते की चर्चा फिर तेज
डीके शिवकुमार समर्थकों का दावा है कि 2023 विधानसभा चुनाव के समय यह समझौता हुआ था कि सिद्धारमैया ढाई साल तक मुख्यमंत्री रहेंगे और उसके बाद शिवकुमार को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। अब इसी फॉर्मूले को लागू करने की चर्चा फिर तेज हो गई है।

