गोहर(मंडी). नाचन विधानसभा क्षेत्र में 2017 के विधानसभा चुनावों में भाजपा के प्रत्याशी विनोद कुमार ने कांग्रेस के प्रत्याशी लाल सिंह कौशल को 15896 मतों से पराजित किया. भाजपा प्रत्याशी विनोद कुमार को 38154 और कांग्रेस प्रत्याशी लाल सिंह कौशल को 22258 वोट मिले. आजाद उम्मीदवार सत्य प्रकाश को 804 मतों से संतुष्ट रहना पड़ा और नोटा के तहत 471 वोट पड़े. चैलचौक में अपने घर में विधायक विनोद ने अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया और रैली को आगे बढ़ाया.
नाचन में भाजपा विधायक विनोद कुमार की जीत को प्रदेश में सबसे बड़ी जीत बताया जा रहा है. चुनाव परिणाम के दिन बासा कॉलेज में सुबह से ही भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कॉलेज कैंपस में पहुंचना शुरू हो गया था. भाजपा प्रत्याशी विनोद कुमार और कांग्रेस प्रत्याशी लाल सिंह कौशल सोमवार सुबह करीब 7 बजे मतदान केंद्र में पहुंच गए थे. सुबह 8 बजे के बाद रूझान जैसे ही आना शुरू हुए तो भाजपा प्रत्याशी विनोद कुमार की बढ़त निरंतर बढ़ती गई और कांग्रेस प्रत्याशी और कार्यकर्ता मतगणना केंद्र से खिसकते गए. जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने बासा कॉलेज मैदान में विनोद कुमार और भाजपा के पक्ष में नारेबाजी शुरू कर दी और आतिशबाजी से माहौल भगवामयी कर दिया.
खुली जीप में विनोद कुमार की रैली
नाचन की हर पंचायत से भाजपा कार्यकर्ताओं ने बासा कॉलेज प्रांगण में पहुंचकर अपने प्रत्याशी की जीत का जश्न मनाया. परिणाम घोषित होते ही विनोद कुमार ने जीप में मतगणना केंद्र से समीपवर्ती म्याह माता मंदिर तक रैली निकाली और देवी से आशीर्वाद लिया. इसके बाद ख्योड़ मैदान से हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुली जीप में अपने विजयी प्रत्याशी विनोद कुमार को एक रैली के रूप में चैलचौक पहुंचाया. रास्ते में विनोद ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया.