नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्थापित किया है। वे अब देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित सरकार के प्रमुख बन गए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चमलिंग का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 8,930 दिनों तक मुख्यमंत्री पद संभाला था। पीएम मोदी ने अब 8,931 दिन पूरे कर लिए हैं, जिसमें उनके गुजरात में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल शामिल हैं, और वे नेतृत्व की अपनी 25वीं साल में प्रवेश कर चुके हैं।
25 साल की राजनीति में निरंतर सेवा
यह मील का पत्थर उनके निरंतर सार्वजनिक सेवा और उच्चतम स्तर पर राजनीतिक नेतृत्व का प्रतीक माना जा रहा है। अपने करियर के दौरान पीएम मोदी ने कई रिकॉर्ड स्थापित किए हैं। वे गुजरात के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता हैं और प्रधानमंत्री बनने से पहले सबसे लंबा अनुभव रखने वाले सीएम भी रहे हैं। वे स्वतंत्रता के बाद जन्म लेने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं और 2014, 2019 और 2024 के तीन लगातार लोकसभा चुनाव जीतकर राजनीतिक स्थायित्व और जनादेश को दर्शाते हैं।
गुजरात से राष्ट्रीय राजनीति तक का सफर
पीएम मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पद संभाला और 21 मई 2014 तक राज्य का नेतृत्व किया, यानी 13 साल से अधिक समय तक। इसके बाद वे राष्ट्रीय राजनीति में आए और 26 मई 2014 को भारत के 14वें प्रधानमंत्री बने। वे पहले गैर-कांग्रेस नेता बने जिन्होंने लोकसभा में पूर्ण बहुमत से जीत हासिल की। इसके बाद वे दो पूर्ण कार्यकाल पूरा करने वाले पहले गैर-कांग्रेस प्रधानमंत्री बने और तीसरे लगातार कार्यकाल के लिए भी लौटे।
डिजिटल दुनिया में भी रिकार्ड
इस वर्ष पीएम मोदी ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड बनाए हैं। इस महीने की शुरुआत में उनके यूट्यूब चैनल के 3 करोड़ (30 मिलियन) सब्सक्राइबर पूरे हो गए, जिससे वे वैश्विक नेताओं में सबसे अधिक फॉलो किए जाने वाले नेताओं में शामिल हो गए।
इसके अलावा फरवरी में उन्होंने इंस्टाग्राम पर 10 करोड़ (100 मिलियन) फॉलोअर्स का आंकड़ा पार किया, जिससे वे दुनिया के पहले सक्रिय प्रधानमंत्री और राजनीतिक नेता बने, जिन्होंने इस प्लेटफॉर्म पर इतनी बड़ी संख्या में फॉलोअर्स हासिल की। वर्तमान में उनके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या 10.1 करोड़ है, वहीं X (पूर्व में ट्विटर) पर उनके 10.64 करोड़ फॉलोअर्स हैं।
PM मोदी के रिकॉर्ड और उपलब्धियां
गुजरात के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री
भारत के ऐसे पहले प्रधानमंत्री जिन्होंने दो पूर्ण कार्यकाल पूरे किए और तीसरे के लिए चुने गए
स्वतंत्रता के बाद जन्म लेने वाले पहले प्रधानमंत्री
तीन लगातार लोकसभा चुनाव जीतें (2014, 2019, 2024)
यूट्यूब पर 3 करोड़ सब्सक्राइबर
इंस्टाग्राम पर 10 करोड़ फॉलोअर्स
X पर 10.64 करोड़ फॉलोअर्स
पीएम मोदी की यह उपलब्धि भारतीय राजनीति में एक दुर्लभ और महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। 25 वर्षों से निरंतर नेतृत्व और डिजिटल दुनिया में सक्रिय उपस्थिति उन्हें वैश्विक और राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रभावशाली और लोकप्रिय नेता बनाती है।
