नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) को जल्द ही नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने वाला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पार्टी 20 जनवरी तक नितिन नबीन के नाम पर औपचारिक मुहर लगा सकती है। सूत्रों के अनुसार, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 18 से 20 जनवरी के बीच पूरी कर ली जाएगी। इसके लिए 15 जनवरी के बाद सभी राज्यों के BJP प्रदेश अध्यक्षों को दिल्ली बुलाए जाने की तैयारी है।
सूत्रों ने को बताया कि BJP शासित राज्यों में संगठनात्मक चुनाव लगभग पूरे हो चुके हैं। 37 में से 29 राज्यों में आंतरिक चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इन राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन के समर्थन में नामांकन पत्रों का एक सेट दाखिल करेंगे। वहीं, दूसरा सेट BJP नेशनल काउंसिल के सदस्यों की ओर से दाखिल किया जाएगा।
रिपोर्ट के अनुसार, नितिन नबीन के समर्थन में दाखिल होने वाले नामांकन पत्रों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के हस्ताक्षर भी होंगे। चूंकि नितिन नवीन के अलावा किसी अन्य उम्मीदवार के नामांकन की संभावना नहीं है, ऐसे में नामांकन की जांच के बाद BJP के मुख्य चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण उनके निर्वाचन की औपचारिक घोषणा कर सकते हैं।
नितिन नबीन का कार्यकाल जनवरी 2026 से जनवरी 2029 तक रहेगा
सूत्रों का कहना है कि नितिन नबीन का कार्यकाल जनवरी 2026 से जनवरी 2029 तक रहेगा। हालांकि, 2029 लोकसभा चुनाव को देखते हुए उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाए जाने की भी संभावना जताई जा रही है। 45 वर्षीय नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने को BJP में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
BJP प्रदेश कार्यालय में पार्टी नेताओं द्वारा सम्मानित भी किया
इस बीच, नितिन नबीन को मंगलवार को पटना स्थित BJP प्रदेश कार्यालय में पार्टी नेताओं द्वारा सम्मानित भी किया गया। बैंकिपुर विधानसभा सीट से विधायक नितिन नवीन के पार्टी कार्यालय पहुंचने पर बिहार BJP अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें गुलदस्ता और मधुबनी पेंटिंग भेंट की। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, सांसद रविशंकर प्रसाद, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के मौके पर BJP शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्षों को दिल्ली में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। यदि सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो 20 जनवरी तक BJP को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा और नितिन नवीन पार्टी की कमान संभालते नजर आएंगे।
