नई दिल्ली. NEET-UG 2026 विवाद के बीच केंद्र सरकार ने संसद में National Testing Agency (NTA) की आय और खर्च से जुड़े आंकड़े साझा किए हैं। सरकार के मुताबिक, पिछले पांच वर्षों में NTA की आय दोगुनी से भी ज्यादा हो गई है। वित्त वर्ष 2023-24 में एजेंसी की कुल आय 1,116.84 करोड़ रुपये रही, जबकि उसका कुल खर्च 1,040.96 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
हर साल बढ़ी NTA की आय
राज्यसभा में शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने बताया कि NTA की आय और व्यय का विवरण एजेंसी की Governing Body द्वारा स्वीकृत लेखा प्रणाली के अनुसार तैयार किया गया है।
वित्त वर्ष 2019-20 में NTA की आय 504.16 करोड़ रुपये और खर्च 440.20 करोड़ रुपये था। इसके बाद 2020-21 में आय 515.16 करोड़ रुपये और 2021-22 में 508.47 करोड़ रुपये रही। हालांकि, 2022-23 में आय में बड़ा उछाल आया और यह बढ़कर 900.56 करोड़ रुपये हो गई। इसके बाद 2023-24 में एजेंसी की आय पहली बार 1,100 करोड़ रुपये के पार पहुंचकर 1,116.84 करोड़ रुपये हो गई।
खर्च में भी तेजी से बढ़ोतरी
NTA की आय के साथ-साथ उसके खर्च में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 2019-20 में एजेंसी का खर्च 440.20 करोड़ रुपये था, जो 2020-21 में 436.25 करोड़ रुपये और 2021-22 में 426.52 करोड़ रुपये रहा। इसके बाद 2022-23 में खर्च बढ़कर 681.52 करोड़ रुपये और 2023-24 में 1,040.96 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
2018 से अब तक 270 से ज्यादा परीक्षाएं आयोजित
सरकार ने संसद को बताया कि 2018 में स्थापना के बाद से NTA अब तक 270 से अधिक परीक्षाएं आयोजित कर चुकी है। इन परीक्षाओं में 6.6 करोड़ से ज्यादा उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया। वहीं, सिर्फ 2026 में एजेंसी ने 12 परीक्षाएं आयोजित की हैं, जिनमें 65 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया।
कितना बड़ा है NTA का स्टाफ?
सरकार के अनुसार, NTA में 39 स्थायी पद हैं और सभी पद प्रतिनियुक्ति (Deputation) के माध्यम से भरे गए हैं। इसके अलावा एजेंसी के पास 73 संविदा कर्मचारी (Contractual Staff) और 124 आउटसोर्स कर्मचारी भी हैं, जो देशभर में परीक्षाओं के संचालन में सहयोग करते हैं।
NEET-UG 2026 विवाद के बाद बढ़ी निगरानी
हाल के महीनों में NEET-UG 2026 Paper Leak के आरोपों के बाद NTA लगातार चर्चा में रही है। इस मामले को लेकर देशभर में छात्रों ने प्रदर्शन किए और परीक्षा प्रणाली में सुधार तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। इसके बाद केंद्र सरकार ने परीक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई सुधारात्मक कदमों की घोषणा की है। NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा जून में कराई गई थी और उसके परिणाम पिछले सप्ताह जारी किए गए।

