नई दिल्ली. पारा शिक्षकों के संघ ने दस फीसद वृद्धि के साथ मानदेय भुगतान की मांग की है. झारखंड राज्य सहयोगी पारा शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को रांची में शिक्षा मंत्री नीरा यादव से मुलाकात करके अपनी मांगें रखी. प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री से टेट पास पारा शिक्षकों को प्राथमिक शिक्षक के पदों पर नियुक्त करने और कल्याण कोष गठित करने की मांग की.
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा आदेश जारी होने के बाद भी शिक्षकों को वेतन का भुगतान नहीं हो पाया है. प्रतिनिधिमंडल में विनोद तिवारी, नरोत्तम सिंह मुंडा, वीरेंद्र राय शामिल रहे. इसके साथ ही झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष संजय दूबे ने भी अक्टूबर माह से ही पारा शिक्षकों के मानदेय भुगतान नहीं होने पर सवाल उठाये हैं. उन्होंने मानदेय भुगतान में देरी होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है.