नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा सांसद रवनीत सिंह बिट्टू को “गद्दार” कहे जाने के मुद्दे को उठाते हुए इसे सिख समुदाय का अपमान बताया।
राहुल गांधी के बयान पर पीएम मोदी का निशाना
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस से कई नेता अलग हुए, लेकिन उन्हें कभी “गद्दार” नहीं कहा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिट्टू को केवल इसलिए गद्दार कहा गया क्योंकि वे सिख हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि यह टिप्पणी न सिर्फ एक सांसद बल्कि सिख समाज और गुरुओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विचारधारा बदलने से किसी को देशद्रोही नहीं कहा जा सकता।
कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक तंज
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए कहा कि विपक्ष “मोदी तेरी कब्र खुदेगी” जैसे नारे देता है और लोकतंत्र की बात करता है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का “रिमोट कंट्रोल” 140 करोड़ देशवासी हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर बिना विजन और योजना के शासन चलाने का आरोप लगाया और कहा कि मौजूदा सरकार को पिछली गलतियों को सुधारने में ऊर्जा लगानी पड़ रही है।
‘विकसित भारत’ और अर्थव्यवस्था पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का दूसरा चरण भारत के लिए निर्णायक है और देश तेजी से “विकसित भारत” की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने उच्च विकास दर और कम महंगाई को भारत की बड़ी आर्थिक ताकत बताया।
उन्होंने हाल के मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) और वैश्विक मंचों पर भारत की बढ़ती भूमिका का भी उल्लेख किया।
किसानों और युवाओं का मुद्दा
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर छोटे किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने पीएम किसान योजना के जरिए उन्हें सीधी मदद दी। उन्होंने भारत के युवाओं को दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिभा शक्ति बताते हुए देश के भविष्य का आधार बताया।
