नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को भारत की दो प्रमुख सहकारी संस्थाओं अमूल (Amul) और इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड (IFFCO) को वैश्विक सहकारी संगठनों की रैंकिंग में पहला और दूसरा स्थान हासिल करने पर बधाई दी है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में Twitter) पर लिखा
अमूल और IFFCO को हार्दिक बधाई। भारत का सहकारी क्षेत्र जीवंत है और कई लोगों के जीवन में परिवर्तन ला रहा है। हमारी सरकार आने वाले समय में इस क्षेत्र को और मजबूत करने के लिए कई कदम उठा रही है।
गौरव का क्षण: अमित शाह ने भी दी बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भी अमूल और IFFCO को विश्व की शीर्ष 10 सहकारी संस्थाओं में पहले दो स्थान हासिल करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत के लिए गर्व का क्षण! अमूल और IFFCO को दुनिया की शीर्ष दस सहकारी संस्थाओं में पहले दो स्थान पाने पर हार्दिक शुभकामनाएं।
उन्होंने आगे लिखा कि यह उपलब्धि उन लाखों महिलाओं की अथक मेहनत का सम्मान है जो अमूल से जुड़ी हैं, और उन किसानों की समर्पित भावना का परिणाम है जो IFFCO की ताकत हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सहकारी आंदोलन आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का वैश्विक मॉडल बन चुका है।
भारत का डेयरी सेक्टर बना सहकारिता की मिसाल
भारत का डेयरी सेक्टर ग्रामीण आजीविका की रीढ़ और समावेशी विकास का प्रतीक माना जाता है। भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश है, और इसमें सहकारी मॉडल, महिलाओं की भागीदारी और वैज्ञानिक तकनीकों की अहम भूमिका रही है।
सरकार इस क्षेत्र को निरंतर समर्थन दे रही है — जिसमें सब्सिडी, क्रेडिट सुविधाएं, पशु स्वास्थ्य और चारे पर अनुसंधान (R&D) जैसी योजनाएं शामिल हैं — ताकि भारत का डेयरी सेक्टर भविष्य में भी आत्मनिर्भर और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार रहे।
