नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए भारत और न्यूजीलैंड के संबंधों को दोस्ती, साझा मूल्यों और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव पर आधारित बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहे हैं और अब यह साझेदारी एक नए दौर में प्रवेश करने के लिए तैयार है।
‘वाका’ का जिक्र कर दिया खास संदेश
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने न्यूजीलैंड की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए ‘वाका’ शब्द का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि ‘वाका’ केवल एक नाव नहीं है, बल्कि यह साझा यात्रा और लोगों को जोड़ने का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब भारत-न्यूजीलैंड का ‘वाका’ नई यात्रा शुरू करने के लिए तैयार है और दोनों देशों के सामने सहयोग के अनेक नए अवसर मौजूद हैं।
भारतीय समुदाय को बताया इस यात्रा का असली नाविक
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस नई यात्रा की सफलता का सबसे बड़ा आधार न्यूजीलैंड में रहने वाला भारतीय समुदाय है। उन्होंने कहा कि ऑकलैंड से लेकर वेलिंगटन, क्राइस्टचर्च से लेकर क्वीन्सटाउन तक बसे भारतीय दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने भारतीय समुदाय को इस साझेदारी का “असली नाविक” बताया।
भारतीय मूल के लोगों की उपलब्धियों की सराहना
पीएम मोदी ने न्यूजीलैंड में भारतीय मूल के लोगों की उपलब्धियों की भी प्रशंसा की। उन्होंने निखिल रविशंकर के एयर न्यूजीलैंड के सीईओ बनने, आनंद सत्यानंद के गवर्नर-जनरल बनने और क्रिकेटर रचिन रवींद्र, ईश सोढ़ी तथा एजाज पटेल का उदाहरण देते हुए कहा कि न्यूजीलैंड ने भारतीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का पूरा अवसर दिया है।
उन्होंने यह भी कहा कि न्यूजीलैंड में कई सड़कों और स्थानों के नाम भारत के शहरों से जुड़े हुए हैं, जिनमें बॉम्बे हिल्स, दिल्ली क्रिसेंट, अमृतसर स्ट्रीट, कलकत्ता स्ट्रीट और कोरोमंडल जैसे नाम शामिल हैं। यह दोनों देशों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाता है।
25-30 साल पुराना मफलर दिखाकर साझा की भावुक याद
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पुराने न्यूजीलैंड दौरे का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि करीब 25 से 30 वर्ष पहले, जब वे किसी सरकारी पद पर नहीं थे, तब उन्हें न्यूजीलैंड आने का अवसर मिला था। उस दौरान एक न्यूजीलैंड निवासी ने उन्हें एक मफलर, टोपी और दस्ताने उपहार में दिए थे।
पीएम मोदी ने कार्यक्रम में वही मफलर दिखाते हुए कहा कि उन्होंने इसे वर्षों तक संभालकर रखा है और कई बार इस्तेमाल भी किया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह उन्होंने उस मफलर को सहेजकर रखा, उसी तरह वे न्यूजीलैंड में बसे भारतीयों के स्नेह और प्रेम को भी हमेशा संजोकर रखते हैं।
दोनों देशों के रिश्तों को मिला सभी दलों का समर्थन
प्रधानमंत्री ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन सहित वहां की सरकार और लेबर पार्टी के नेताओं का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को न्यूजीलैंड में सभी राजनीतिक दलों का समर्थन प्राप्त है। यह दोनों देशों के बीच बढ़ते विश्वास और मजबूत होती साझेदारी का प्रमाण है।
