नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार राज्यों में विधान परिषद (MLC) की सीटों पर हुए चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर पार्टी पर निशाना साधा है। बुधवार, 28 अक्टूबर को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए कांग्रेस से सवाल किया कि जब उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक में बैलेट पेपर के जरिए चुनाव हुए, तो पार्टी को कितनी सीटें मिलीं। पीएम मोदी की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब देश में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के इस्तेमाल को लेकर राजनीतिक बहस जारी है। विपक्षी दल लंबे समय से चुनावों में बैलेट पेपर के इस्तेमाल की मांग उठाते रहे हैं।
बैलेट पेपर से चुनाव, पीएम मोदी ने कांग्रेस से पूछा सवाल
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में चार राज्यों की 28 सीटों पर हुए विधान परिषद चुनाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक में चुनाव बैलेट पेपर से कराए गए थे। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस के प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए पूछा कि पार्टी को आखिर कितनी सीटें मिलीं। पीएम मोदी की इस टिप्पणी को कांग्रेस की चुनावी सफलता पर कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने अपने पोस्ट में मोनोकल वाला इमोजी भी इस्तेमाल किया।
कर्नाटक, महाराष्ट्र और यूपी में कांग्रेस को नहीं मिली सीट
विधान परिषद चुनाव के नतीजों और रुझानों में कांग्रेस का प्रदर्शन कमजोर रहा। कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद पार्टी एक भी सीट नहीं जीत सकी। यहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि जनता दल (सेक्युलर) यानी JD(S) को एक सीट मिली।
महाराष्ट्र में भी कांग्रेस के खाते में कोई सीट नहीं आई। यहां बीजेपी ने एक सीट पर जीत दर्ज की और एक अन्य सीट पर आगे रही। एक सीट पर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना बढ़त बनाए हुए थी। वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने एक सीट जीती और एक अन्य सीट पर आगे रही।
उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस को निराशा हाथ लगी। यहां बीजेपी ने चार सीटों पर जीत हासिल की और दो सीटों पर आगे रही। समाजवादी पार्टी (SP) ने दो सीटें जीतीं, जबकि तीन अन्य सीटों पर बढ़त बनाए रखी। कांग्रेस प्रदेश में एक भी सीट जीतने में सफल नहीं रही।
बिहार में अलग-अलग दलों के उम्मीदवारों ने दर्ज की जीत
बिहार में विधान परिषद चुनाव के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। बीजेपी के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज की। वहीं, दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी के सर्वेश सिंह और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में डॉ. एनके यादव आगे चल रहे थे।
तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय उम्मीदवार वंशीधर ब्रजवासी बढ़त बनाए हुए थे। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नीरज कुमार ने पटना स्नातक सीट पर जीत हासिल की। वहीं, बीजेपी के बागी और निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने सारण शिक्षक सीट पर जीत दर्ज की। जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने दरभंगा शिक्षक सीट जीती, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के डॉ. संजीव कुमार पटना शिक्षक सीट पर विजयी रहे।
23 अक्टूबर को हुआ था मतदान
उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र में विधान परिषद की शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान कराया गया था। उत्तर प्रदेश में छह शिक्षक और पांच स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों, बिहार में चार-चार शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों, कर्नाटक में दो-दो तथा महाराष्ट्र में तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव हुए।
इन चुनावों में बैलेट पेपर के इस्तेमाल को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणी ने एक बार फिर EVM बनाम बैलेट पेपर की राजनीतिक बहस को चर्चा में ला दिया है। कांग्रेस के कमजोर प्रदर्शन को आधार बनाकर पीएम मोदी ने पार्टी पर सवाल उठाए हैं।
