नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर देशभर की महिलाओं और बच्चों के लिए एक महत्वपूर्ण योजना की शुरुआत की जा रही है। आज पीएम मोदी “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” का शुभारंभ करेंगे। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा और इसका उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण सेवाओं को मजबूत करना है।
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान
यह देश का अब तक का सबसे बड़ा अभियान होगा, जो विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर केंद्रित रहेगा। इस अभियान का संचालन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय संयुक्त रूप से करेंगे। इस दौरान पूरे देश में 1 लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। हर सरकारी अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र में यह शिविर रोज़ आयोजित होंगे, जहां महिलाओं के लिए स्त्री रोग विशेषज्ञ, बच्चों के लिए बाल रोग विशेषज्ञ और दंत रोग विशेषज्ञ उपलब्ध रहेंगे।
इन शिविरों में अधूरी टीकाकरण सूची वाले बच्चों का टीकाकरण पूरा किया जाएगा। साथ ही किशोरियों में एनीमिया की जाँच और उपचार किया जाएगा। मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा। इसके अलावा गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के तहत आज 10 लाख से अधिक लाभार्थियों को सीधे नकद सहायता प्रदान की जाएगी। इस योजना के तहत नए पंजीकरण की विशेष प्रक्रिया भी चलाई जाएगी।
8वां राष्ट्रीय पोषण महीना
इस अभियान के साथ ही 8वां राष्ट्रीय पोषण माहीना मनाया जाएगा, जिसमें स्वस्थ जीवनशैली पर जोर दिया जाएगा। इसमें तेल और शक्कर की खपत घटाने से लेकर मोटापे से बचाव, बच्चों की प्रारंभिक देखभाल, स्तनपान और शिशु पोषण पर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। पुरुषों को भी महिलाओं और बच्चों की देखभाल व पोषण में शामिल करने पर बल दिया जाएगा। साथ ही स्थानीय आहार और खाद्य प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए जन-जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। डिजिटलीकरण और समन्वित प्रयासों के जरिए महिलाओं के स्वास्थ्य को परिवार की मजबूती और राष्ट्र की प्रगति का आधार बताया जाएगा।
इस तरह पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर देशभर की महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने वाला यह अभियान एक महत्वपूर्ण उपहार साबित होगा।
