नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन (Delimitation) प्लान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे भारतीय जनता पार्टी (BJP) का ‘आखिरी हथियार’ बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को अपने राजनीतिक हितों के मुताबिक नए सिरे से तय करना चाहती है। राहुल गांधी ने कहा कि 850 सीटों वाली लोकसभा लोकतंत्र की हत्या का प्रतीक बन सकती है।
संसद के विशेष सत्र से दो दिन पहले शनिवार को मीडिया से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा कि सरकार महिला आरक्षण लागू करने के लिए परिसीमन को अनिवार्य शर्त बनाने के बजाय मौजूदा 543 सदस्यीय लोकसभा में ही इसे लागू कर सकती है। उन्होंने कहा कि परिसीमन सरकार के लिए मुश्किल राजनीतिक मुद्दों से बचने का रास्ता है। राहुल गांधी के मुताबिक, विपक्ष ने कई मुद्दों पर सरकार को घेर रखा है और अब परिसीमन के जरिए राजनीतिक नक्शे को बदलने की कोशिश की जा रही है।
राहुल गांधी ने कहा, “वे महिला आरक्षण को अभी लागू कर सकते हैं, लेकिन उसे परिसीमन से जोड़ रहे हैं। परिसीमन उनका बच निकलने का रास्ता है, क्योंकि हमने उन्हें कई मुद्दों पर घेर रखा है।”
‘850 सीटों का आंकड़ा BJP के हितों को ध्यान में रखकर तय किया गया’
राहुल गांधी ने प्रस्तावित लोकसभा विस्तार पर सवाल उठाते हुए कहा कि 850 सीटों का आंकड़ा इस तरह तय किया गया है, जिससे भाजपा को राजनीतिक लाभ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि असली सवाल राज्यों के बीच सीटों के हिस्से का नहीं, बल्कि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को नए सिरे से तय करने की शक्ति का है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने का खुला मौका मिल जाएगा। राहुल गांधी ने इसे BJP के लिए ‘ब्लैंक स्लेट’ यानी मनमुताबिक चुनावी नक्शा तैयार करने का अवसर बताया।
दरअसल, केंद्र सरकार के नए संविधान संशोधन प्रस्ताव में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने की व्यवस्था है। इसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकते हैं। प्रस्ताव के तहत हर राज्य की मौजूदा लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक समान अनुपात में बढ़ोतरी का प्रावधान है। सरकार का तर्क है कि इससे राज्यों के बीच लोकसभा में मौजूदा आनुपातिक हिस्सेदारी बनी रहेगी।
महिला आरक्षण को 543 सीटों वाली लोकसभा में लागू करने की मांग
राहुल गांधी ने महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस का वैकल्पिक प्रस्ताव भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए लोकसभा की सीटें बढ़ाने या परिसीमन का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। इसे मौजूदा 543 सीटों वाली लोकसभा में ही लागू किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी मांग की कि महिला आरक्षण में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की महिलाओं के लिए अलग उप-कोटा यानी सब-कोटा होना चाहिए। कांग्रेस का कहना है कि महिला आरक्षण की व्यवस्था में सामाजिक न्याय और विभिन्न वर्गों की भागीदारी का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर राहुल गांधी ने उठाए सवाल
राहुल गांधी ने परिसीमन आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की संभावित भूमिका को लेकर भी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग पर सरकार का प्रभाव है और परिसीमन की प्रक्रिया भी इसी आयोग की निगरानी में होने से निष्पक्षता पर सवाल उठेंगे।
उन्होंने कहा कि परिसीमन आयोग के अध्यक्ष के अलावा उसके अन्य सदस्यों की नियुक्ति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका होगी। राहुल गांधी के मुताबिक, इससे सरकार को पूरी प्रक्रिया पर नियंत्रण मिल सकता है।
प्रस्तावित परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 के अनुसार आयोग की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के किसी वर्तमान या पूर्व न्यायाधीश को दी जा सकती है, जिसकी नियुक्ति केंद्र सरकार करेगी। आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त या उनके द्वारा नामित चुनाव आयुक्त और संबंधित राज्य के राज्य निर्वाचन आयुक्त को भी सदस्य बनाए जाने का प्रावधान है।
विधेयक में यह भी कहा गया है कि आयोग के आदेशों को किसी अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकेगी। राहुल गांधी ने इस प्रावधान को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
2011 की जनगणना और 2051 तक सीटें फ्रीज करने पर आपत्ति
कांग्रेस नेता ने परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों के इस्तेमाल और सीटों को लंबे समय तक स्थिर रखने के प्रस्ताव पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर असर पड़ सकता है और SC, ST, OBC तथा अल्पसंख्यक समुदायों के प्रतिनिधित्व के अधिकार कमजोर हो सकते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था में सीटों को 2051 तक स्थिर रखने की बात है। उनके मुताबिक, इससे आने वाले दशकों में सामाजिक और जनसांख्यिकीय बदलावों के अनुरूप प्रतिनिधित्व में सुधार की गुंजाइश सीमित हो सकती है।
हालांकि, सीटों के निर्धारण और उन्हें फ्रीज करने से जुड़े प्रावधानों का वास्तविक प्रभाव विधेयक के अंतिम पाठ और परिसीमन आयोग के फैसलों पर निर्भर करेगा।
SIR और 2024 के चुनाव को लेकर फिर लगाए आरोप
राहुल गांधी ने इस दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी Special Intensive Revision (SIR) का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए गए हैं।
उन्होंने दावा किया कि पिछले एक साल में करीब 14 करोड़ नाम हटाए जाने का आंकड़ा सामने आया है और इसी आधार पर उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। राहुल गांधी ने चुनाव को ‘फर्जी चुनाव’ बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचन पर भी आरोप लगाए।
हालांकि, चुनाव आयोग का कहना है कि मतदाता सूची से हटाए गए नाम मृत, स्थानांतरित या अन्य वैध कारणों से हटाए गए हैं। आयोग ने विपक्ष के ‘वोट चोरी’ संबंधी आरोपों को पहले भी गलत और निराधार बताया है। राहुल गांधी के इस दावे का कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया है कि हटाए गए सभी नाम वाले लोग 2024 के चुनाव में मतदाता थे या उन्होंने भाजपा के पक्ष में मतदान किया था।
संसद के विशेष सत्र से पहले बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
परिसीमन विधेयक को लेकर संसद के विशेष सत्र से पहले राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी प्रस्तावित विधेयक को लोकतंत्र के लिए खतरा बताते हुए इसका विरोध कर चुके हैं। INDIA गठबंधन ने भी संविधान संशोधन प्रस्ताव के खिलाफ एकजुट रुख अपनाने की बात कही है।
वहीं, सरकार का तर्क है कि लोकसभा और विधानसभाओं में सीटों की संख्या बढ़ाने से जनप्रतिनिधित्व का विस्तार होगा और महिला आरक्षण को लागू करने का रास्ता तैयार होगा। अब संसद में विधेयकों के पेश होने और उन पर होने वाली बहस से यह स्पष्ट होगा कि सरकार और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर सहमति बन पाती है या नहीं।

