नई दिल्ली. जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भारतीय रेलवे ने इस बार बड़ी तैयारी की है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस वर्ष रथ यात्रा के लिए 300 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें पहले से चल रही 800 से ज्यादा नियमित ट्रेनों के अतिरिक्त होंगी, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
रथ यात्रा की तैयारियों की करेंगे समीक्षा
नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान रेल मंत्री ने कहा कि वह जल्द ही रथ यात्रा को लेकर रेलवे की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिले।
पुरी रेलवे स्टेशन पर विशेष इंतजाम
रेल मंत्री ने बताया कि रथ यात्रा के दौरान पुरी रेलवे स्टेशन पर एक अस्थायी व्यवस्था की जाएगी, जहां करीब 30 हजार यात्रियों के ठहरने की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं को भी मजबूत किया जाएगा।
ओणम पर भी मिलेंगी अतिरिक्त ट्रेनें
अश्विनी वैष्णव ने यह भी जानकारी दी कि ओणम पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे 100 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। इससे त्योहार के समय यात्रियों को आसानी से यात्रा करने का अवसर मिलेगा।

