नई दिल्ली: 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर कर्तव्य पथ पर इस वर्ष पंचायती राज मंत्रालय (Ministry of Panchayati Raj) का टेबलो खास आकर्षण रहेगा। यह टेबलो SVAMITVA Scheme की परिवर्तनकारी भूमिका को प्रदर्शित करेगा, जो गणतंत्र दिवस 2026 की थीम ‘समृद्धि का मंत्र: आत्मनिर्भर भारत’ और ‘स्वतंत्रता का मंत्र: वंदे मातरम्’ के अनुरूप है।
यह टेबलो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 24 अप्रैल 2020 को शुरू की गई SVAMITVA (Survey of Villages and Mapping with Improvised Technology in Village Areas) योजना की उपलब्धियों को दर्शाता है। योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आवासीय संपत्तियों के कानूनी स्वामित्व को सुनिश्चित करना है, जिससे नागरिकों, पंचायतों और देश को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का आधार मिलता है।
टेबलो के अग्र भाग में दिखेगा सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक
टेबलो के अग्र हिस्से में एक सुदृढ़ ग्रामीण घर को खुली हथेली पर रखा गया है, जो संपत्ति स्वामित्व से मिलने वाली स्थिरता और भरोसे का प्रतीक है। हथेली को आलता से सजी महिला के हाथ के रूप में दर्शाया गया है, जो महिलाओं की गरिमा और घरेलू संपत्ति में उनके अधिकार को रेखांकित करता है। घर के प्रवेश द्वार पर पारंपरिक तोरण समृद्धि का संकेत देता है, जबकि घर की चाबियां कानूनी स्वामित्व और सशक्तिकरण का संदेश देती हैं। पास में खेलते बच्चे सुरक्षित और मजबूत पारिवारिक आधार को दर्शाते हैं, जो Property Card के माध्यम से संभव हुआ है।
मध्य भाग में SVAMITVA के क्रियान्वयन की झलक
टेबलो के मध्य हिस्से में एक लघु गांव का दृश्य प्रस्तुत किया गया है, जहां ड्रोन सर्वे, चूना मार्किंग और जमीनी स्तर की गतिविधियां दिखाई गई हैं। यह स्पष्ट करता है कि कैसे अस्पष्ट भूमि रिकॉर्ड से आगे बढ़कर डिजिटल प्रॉपर्टी मैपिंग के जरिए सीमाओं का सटीक निर्धारण किया गया। इससे भूमि विवादों का समाधान, पंचायत स्तर पर बेहतर योजना निर्माण और भूमि के monetization के जरिए आजीविका के नए अवसर सृजित हुए हैं। साफ-सुथरी सड़कें, हरियाली, जल स्रोत और सुव्यवस्थित घर समग्र ग्रामीण विकास और कल्याण की तस्वीर पेश करते हैं।
अंतिम भाग में सशक्त पंचायत और आर्थिक मजबूती का संदेश
टेबलो के अंतिम हिस्से में विवादों का शांतिपूर्ण समाधान, Property Cards के माध्यम से बैंक ऋण की सुविधा और एक पंचायत भवन को दर्शाया गया है, जो प्रभावी स्थानीय शासन का प्रतीक है।
आत्मनिर्भर भारत की ओर मजबूत कदम
पंचायती राज मंत्रालय का यह टेबलो एक स्पष्ट संदेश देता है—सुरक्षित संपत्ति स्वामित्व से परिवार सशक्त होते हैं, पंचायतें मजबूत बनती हैं और देश आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ता है।गणतंत्र दिवस 2026 पर SVAMITVA योजना की यह प्रस्तुति ग्रामीण भारत की बदलती तस्वीर और समृद्ध भविष्य की झलक होगी।
