रामपुर बुशहर (शिमला). शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणात्मक शिक्षा प्रदान करना अत्यंत आवश्यक है. अच्छी शिक्षा प्राप्त करने से ही छात्र श्रेष्ठ नागरिक बन सकते हैं. उन्होंने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामपुर बुशहर के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए अपने संबोधन में कही.
शिक्षा मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में शिक्षा व साक्षरता बढ़ी है और इसका प्रचार-प्रसार भी हुआ है. शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए शिक्षा की गुणवत्ता में और अधिक सुधार लाने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्कार आधारित होनी चाहिए. इसके लिए प्रदेश सरकार को अध्यापकों व अभिभावकों के सहयोग की आवश्यकता है.
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक प्रयास किए जा रहे हैं. प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर महिलाओं ने देश का विश्वभर में नाम रोशन किया है. हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा गुडिय़ा एैप आरंभ की गई है, ताकि महिलाओं को मुश्किल परिस्थितियों में त्वरित सहायता प्रदान की जा सके. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक कार्य हिन्दी में करने का आह्वान किया.

इस दौरान उन्होंने विद्यालय की वार्षिक पत्रिका का विमोचन तथा स्कूल की वेबसाईट का शुभारंभ किया. उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय व उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर समान्नित किया. इस मौके पर उनके साथ निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. अमरदेव, प्रधानाचार्य आरसी गुप्ता, आनी के विधायक किशोरी लाल, भाजपा नेता पीसी द्रैक, भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि भूषण श्याम, सदस्य राज्य कार्यकारिणी भाजपा श्याम लाल गुप्ता, बृज लाल, अध्यक्ष नगर परिषद मीना कुमारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.