शिमला. शोध छात्र अब परीक्षा केंद्रों में ड्यूटी नहीं दे सकेंगे. यदि परीक्षा हॉल में प्राध्यापक अपनी ड्यूटी से नदारद रहे तो उन पर सख्त कार्रवाई होगी. यह आदेश विवि कुलपति ने जारी किया है.
आलम यह है कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य राजिन्द्र सिंह चौहान ने आज सोमवार को स्नातकोत्तर कक्षाओं की परीक्षा केन्द्रों का विश्वविद्यालय परिसर में दौरा किया. उन्होंने अधिष्ठाता अध्ययन को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केन्द्रों में अधीक्षक व उप-अधीक्षक के अतिरिक्त केवल प्राध्यापक ही ड्यूटी दें.
कुलपति ने निरीक्षण के दौरान पाया
कुलपति ने निरीक्षण के दौरान पाया कि कुछ परीक्षा केन्द्रों में शोध छात्र ड्यूटी दे रहे हैं, जो कि उचित नहीं है. उन्होंने बताया कि यदि भविष्य में कोई शोध छात्र परीक्षा डयूटी देते हुए पाया गया तो उस प्राध्यापक जिसकी डयूटी है तथा सम्बन्धित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.
कुलपति ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि परीक्षा केन्द्र के नियुक्त किए गए प्राध्यापक को किसी भी स्थिति में अनुपस्थित होना है तो उस स्थिति में अधिष्ठाता अध्ययन से आज्ञा लेकर शोध छात्र को ड्यूटी पर लगाया जा सकता है.