नई दिल्ली. परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी दलों के बीच एकजुटता बनाने की कोशिशों के तहत कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने रविवार को चेन्नई में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पहुंचे INDIA गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने स्टालिन से केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का विरोध करने की अपील की। हालांकि, करीब एक घंटे चली इस बैठक के बाद भी डीएमके ने अपना रुख नहीं बदला। पार्टी पहले ही विधेयक के संशोधित प्रारूप को समर्थन देने का ऐलान कर चुकी है।
कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल में कई बड़े नेता शामिल
चेन्नई पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के अलावा कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य विपक्षी नेता भी शामिल थे। इनमें कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और केरल के नेता प्रतिपक्ष वी.डी. सतीशन प्रमुख रूप से शामिल रहे। विपक्षी नेताओं का उद्देश्य संसद के विशेष सत्र से पहले डीएमके को अपने फैसले पर दोबारा विचार करने के लिए राजी करना था।
राहुल गांधी ने इससे पहले सोशल मीडिया पर स्टालिन से विधेयक के खिलाफ साथ आने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि लोकसभा की सदस्य संख्या 850 तक बढ़ाने का प्रस्ताव देश के लोकतंत्र के लिए खतरा बन सकता है। राहुल ने आरोप लगाया कि इससे भाजपा और आरएसएस को अपने राजनीतिक हितों के मुताबिक देश का चुनावी नक्शा बदलने का मौका मिल सकता है। उन्होंने कहा कि संविधान, राष्ट्रीय हित और तमिलनाडु के हितों की रक्षा के लिए इस विधेयक को मिलकर हराना जरूरी है।
स्टालिन ने क्यों नहीं बदला फैसला?
डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने कांग्रेस नेताओं को बताया कि उनकी पार्टी ने तमिलनाडु के हितों को ध्यान में रखते हुए परिसीमन के संशोधित प्रस्ताव का समर्थन करने का फैसला किया है। डीएमके का कहना है कि सरकार ने उसके प्रमुख सुझावों को नए प्रारूप में शामिल किया है। इनमें लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी को कम नहीं करना और राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व का अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर बनाए रखना शामिल है।
स्टालिन ने राहुल गांधी की अपील के जवाब में कहा कि डीएमके का हर फैसला तमिलनाडु और उसके लोगों के हितों को प्राथमिकता देकर लिया जाता है। उन्होंने भरोसा जताया कि इतिहास उनकी पार्टी को तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा करने वालों के रूप में याद करेगा। इससे पहले डीएमके सांसद कनिमोझी ने भी कांग्रेस अध्यक्ष खरगे को पार्टी के फैसले की जानकारी दे दी थी।
परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस और डीएमके के बीच बढ़ी दूरी
परिसीमन विधेयक को लेकर कांग्रेस और डीएमके के बीच मतभेद ऐसे समय सामने आए हैं, जब दोनों दलों के बीच तमिलनाडु की राजनीति में भी दूरी बढ़ चुकी है। अप्रैल 2026 के विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन से अलग होकर टीवीके का समर्थन किया था। इसके बाद दोनों दलों के नेताओं के बीच बयानबाजी भी हुई।
डीएमके का कहना है कि संशोधित विधेयक में उसकी मांगों को जगह मिली है, इसलिए वह इसका समर्थन करेगी। वहीं कांग्रेस और INDIA गठबंधन के कई दल इस प्रस्ताव का विरोध कर रहे हैं। विपक्षी नेताओं को आशंका है कि परिसीमन की प्रक्रिया से दक्षिणी राज्यों का संसद में प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है।
सोमवार से संसद में पेश होगा विधेयक
केंद्र सरकार सोमवार से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को पेश करने की तैयारी में है। प्रस्तावित बदलावों के तहत लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 तक करने की बात कही गई है। इस मुद्दे पर संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है। ऐसे में चेन्नई में हुई यह बैठक विपक्षी एकजुटता की कोशिशों के लिहाज से अहम मानी जा रही है, लेकिन डीएमके के अपने फैसले पर कायम रहने से विपक्ष की रणनीति को झटका लगा है।

