नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने रविवार को राजधानी दिल्ली में महिलाओं के नेतृत्व में ‘शक्ति वॉक’ का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को रेखांकित किया।
गणमान्य लोग ‘शक्ति वॉक’ में शामिल हुए
इस मौके पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग ‘शक्ति वॉक’ में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि इस आयोजन में अलग-अलग क्षेत्रों से महिलाओं ने हिस्सा लिया है, जो हर क्षेत्र में महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास के संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भारत के ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने में महिलाओं की अहम भूमिका होगी।
लीड्स भारत’ थीम के तहत एक साथ पैदल मार्च किया
वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आज महिलाएं स्टार्टअप से लेकर अंतरिक्ष मिशनों तक हर क्षेत्र में प्रभावी योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस भविष्य की योजनाएं बनाने और देश की प्रगति में महिलाओं की भागीदारी को और मजबूत करने का अवसर है।
यह ‘शक्ति वॉक’ राजधानी के इंडिया गेट से विजय चौक तक कर्तव्य पथ पर लगभग दो किलोमीटर के मार्ग पर आयोजित की गई।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मंत्रालयों और अन्य क्षेत्रों से आई महिलाओं ने ‘शी लीड्स भारत’ थीम के तहत एक साथ पैदल मार्च किया, जिसमें एक प्रगतिशील और समावेशी भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका को प्रमुखता से उजागर किया गया।
