नई दिल्ली. Ministry of Petroleum and Natural Gas ने नया नोटिफिकेशन जारी कर साफ किया है कि जिन घरों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और LPG दोनों कनेक्शन हैं, उन्हें LPG कनेक्शन तुरंत सरेंडर करना होगा। ऐसे उपभोक्ताओं को अब LPG सिलेंडर की रिफिल भी नहीं मिलेगी।
क्यों लिया गया यह फैसला
सरकार का कहना है कि यह कदम गैस की डुप्लिकेट सप्लाई रोकने और उन परिवारों तक LPG पहुंचाने के लिए उठाया गया है, जहां PNG की सुविधा नहीं है। पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण वैश्विक ईंधन आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे यह निर्णय और जरूरी हो गया।
नए नियम के तहत क्या बदलेगा
PNG और LPG दोनों रखने की अनुमति नहीं होगी
LPG सिलेंडर की रिफिल पर रोक
तेल कंपनियों को ऐसे उपभोक्ताओं को नया कनेक्शन देने से मना किया गया
LPG कनेक्शन तुरंत सरेंडर करना अनिवार्य
यह बदलाव LPG (Regulation of Supply and Distribution) Order, 2026 में संशोधन के जरिए लागू किया गया है।
सरकार ने दी सप्लाई जारी रहने की भरोसा
सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में LPG की कोई कमी नहीं है। हाल के दिनों में घबराहट के कारण बुकिंग बढ़ी है, लेकिन सप्लाई चेन सामान्य रूप से काम कर रही है।
पैनिक बुकिंग पर सरकार की चेतावनी
अधिकारियों के अनुसार, देश में रोजाना औसतन 55.7 लाख सिलेंडर की बुकिंग होती है, जो बढ़कर 75.7 लाख तक पहुंच गई। इसे “पैनिक बाइंग” बताया गया है। सरकार ने लोगों से जरूरत के अनुसार ही बुकिंग करने की अपील की है।
जरूरी क्षेत्रों को प्राथमिकता
LPG सप्लाई को घरों, अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों के लिए प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं, होटल और रेस्टोरेंट जैसे व्यावसायिक क्षेत्रों के लिए सप्लाई में कटौती की गई है। सरकार ने रिफाइनरी प्रोडक्शन बढ़ाकर LPG उत्पादन में करीब 30% की वृद्धि की है, जिससे सप्लाई बेहतर करने की कोशिश की जा रही है।
60 लाख परिवारों को PNG अपनाने की सलाह
सरकार ने करीब 60 लाख घरों को, जहां PNG की सुविधा उपलब्ध है, पाइप्ड गैस अपनाने की सलाह दी है। इससे सिलेंडर पर निर्भरता कम होगी और लगातार गैस सप्लाई मिलेगी।
हॉर्मुज संकट का असर
Strait of Hormuz के बंद होने से LPG आयात प्रभावित हुआ है, लेकिन PNG सप्लाई पर इसका असर नहीं पड़ा है। सरकार ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
देश में गैस उपभोक्ताओं की स्थिति
भारत में लगभग 33.37 करोड़ LPG उपभोक्ता हैं, जबकि करीब 1.5 करोड़ घर PNG से गैस प्राप्त कर रहे हैं। सरकार ने कहा है कि घबराने की जरूरत नहीं है, गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। उपभोक्ता केवल जरूरत पड़ने पर ही ऑनलाइन बुकिंग करें और अफवाहों से बचें।
