नई दिल्ली. नई दिल्ली स्थित संसद भवन में सोमवार को राज्यसभा के आठ नवनिर्वाचित और पुनर्निर्वाचित सदस्यों ने शपथ ग्रहण की। उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने सभी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर संसद का माहौल गरिमामय रहा और विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
इन नेताओं ने ली राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ
शपथ लेने वाले सदस्यों में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एम. नागराजा (कर्नाटक) शामिल रहे। इसके अलावा पंजाब से तरुण चुघ, गुजरात से मानसिंह मेरामन परमार और जितेंद्र मेघजीभाई कंजारिया, राजस्थान से डॉ. अलका सिंह, मणिपुर से अधिकारिमयुम शारदा देवी तथा महाराष्ट्र से एनसीपी नेता राजेंद्र हीरालाल जैन ने भी राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू और सदन के नेता एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने नवनिर्वाचित और पुनर्निर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। राज्यसभा में इन सदस्यों के शपथ ग्रहण के साथ ही वे अब सदन की कार्यवाही में औपचारिक रूप से हिस्सा ले सकेंगे और संसदीय जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

