नई दिल्ली. FASTag इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब FASTag यूजर्स अपने मौजूदा FASTag को बदले बिना उसका Issuer Bank बदल सकेंगे। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने OneTag नाम की NETC FASTag Portability सुविधा लॉन्च की है। इसे Global Fintech Fest (GFF) 2026 में पेश किया गया।
OneTag को इंडियन हाईवेज़ मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड (IHMCL) और नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ़ इंडिया (NPCI) ने मिलकर तैयार किया है। IHMCL, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा प्रमोटेड कंपनी है। नई सुविधा का उद्देश्य FASTag यूजर्स के लिए बैंक बदलने की प्रक्रिया को आसान और सुविधाजनक बनाना है।
अब बैंक बदलने पर नया FASTag लेने की जरूरत नहीं
OneTag की सबसे बड़ी खासियत यह है कि बैंक बदलने के बाद भी वाहन पर लगा मौजूदा FASTag इस्तेमाल किया जा सकेगा। पहले अगर किसी ग्राहक को अपना FASTag बैंक बदलना होता था, तो उसे पुराने FASTag को Deactivate कराना पड़ता था। इसके बाद नए बैंक के साथ दोबारा प्रक्रिया पूरी करके नया FASTag लेना और वाहन पर लगाना पड़ता था।
यह प्रक्रिया समय लेने वाली होने के साथ-साथ ग्राहकों के लिए असुविधाजनक भी थी। OneTag के आने के बाद इस पूरी प्रक्रिया को काफी आसान बनाने की कोशिश की गई है।
Rajmargyatra App पर मिलेगी OneTag की सुविधा
फिलहाल OneTag की सुविधा NHAI के Rajmargyatra Mobile App के जरिए उपलब्ध होगी। ग्राहक इसी ऐप से FASTag Portability की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
सबसे पहले सिस्टम ग्राहक की Eligibility चेक करेगा। इसके बाद Secure Verification की प्रक्रिया पूरी होगी। ग्राहक की सहमति मिलने के बाद वह अपनी पसंद का नया बैंक चुन सकेगा। बैंक बदलने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नए बैंक के साथ Customer Onboarding शुरू हो जाएगा।
Tag ID और Vehicle Registration Number नहीं बदलेगा
OneTag Portability के दौरान FASTag की महत्वपूर्ण जानकारी में बदलाव नहीं होगा। बैंक बदलने के बाद भी FASTag का Tag ID और वाहन का Registration Number वही रहेगा।
इसका मतलब है कि वाहन पर पहले से लगा FASTag हटाने या नया FASTag चिपकाने की जरूरत नहीं होगी। बैंक बदलने के बाद भी मौजूदा FASTag काम करता रहेगा।
पुराने बैंक की क्या होगी जिम्मेदारी?
FASTag बैंक बदलने की प्रक्रिया के दौरान पुराने बैंक की जिम्मेदारी पुराने Wallet से जुड़े मामलों तक रहेगी। इसमें Verification, Wallet Balance, Refund, Pending Transactions और इससे संबंधित अन्य मामलों को संभालना शामिल होगा।
वहीं, Portability पूरी होने के बाद नए बैंक की जिम्मेदारी ग्राहक का Onboarding करने और FASTag से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराने की होगी।
FASTag यूजर्स को क्या फायदा होगा?
OneTag के जरिए ग्राहकों को अपनी पसंद का बैंक चुनने की ज्यादा आजादी मिलेगी। बैंक बदलने के लिए बार-बार नया FASTag खरीदने, उसे वाहन पर लगाने और पुराना टैग हटाने की जरूरत नहीं होगी।
इससे FASTag की दोबारा Printing, Shipping और उससे जुड़े अन्य खर्चों को कम करने में भी मदद मिल सकती है। साथ ही बैंक बदलने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और समय बचाने वाली होगी।
121 टोल प्लाजा पर ऑनलाइन फास्टैग लोकल पास की सुविधा
इस बीच NHAI ने देशभर के 121 Toll Plazas पर Online FASTag Local Pass की सुविधा भी बढ़ा दी है। पात्र वाहन चालक अब Rajmargyatra Mobile App के माध्यम से Monthly Local Pass के लिए Online Subscription ले सकते हैं।
इस सुविधा से नियमित रूप से किसी खास टोल प्लाजा से गुजरने वाले यात्रियों को अपना Local Pass ऑनलाइन लेने में आसानी होगी। FASTag से जुड़ी इन सुविधाओं का उद्देश्य Toll Payment और उससे संबंधित सेवाओं को ज्यादा आसान और डिजिटल बनाना है।
