नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया। राजधानी दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में कई सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई प्रमुख मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जबकि कई जगहों पर वाहन पानी में फंस गए। ऑफिस जाने वाले लोगों और दैनिक यात्रियों को भी घंटों तक जाम और जलभराव के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए India Meteorological Department (IMD) ने दिल्ली के लिए Red Alert जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पूरे दिन भारी बारिश जारी रह सकती है। साथ ही दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 10 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया गया है। प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट पर रखा गया है।
कई इलाकों में भारी जलभराव
बारिश के कारण राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। विकास मार्ग, ईस्ट दिल्ली, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, मुनिरका, सदर बाजार, द्वारका और अन्य कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गईं। दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेसवे पर भी जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई और लंबा जाम लग गया।
रिकॉर्ड बारिश दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में सफदरजंग मौसम केंद्र में 72.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं लोधी रोड में 80.2 मिमी, रिज में 77.8 मिमी, पालम में 63 मिमी और आयानगर में 57.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी का न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम रहा।
पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित
लगातार बारिश के बीच दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित राजा धीर सिंह मार्ग पर दो पेड़ गिर गए। इनमें से एक पेड़ इस्कॉन मंदिर के पास सड़क पर गिरा, जबकि दूसरा नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट के बाहर गिरा। इससे इलाके में यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा।
अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकती है बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून ट्रफ के उत्तर की ओर खिसकने के कारण दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक व्यापक बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार आने की उम्मीद है।
बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

